भारत

बस नहर में गिरने से 5 लोगों की मौत, 10 घायल

Nilmani Pal
19 Sept 2023 5:11 PM IST
बस नहर में गिरने से 5 लोगों की मौत, 10 घायल
x
बड़ा हादसा

पंजाब। सवारियों से भरी न्यू दीप ट्रैवल कंपनी की निजी बस मुक्तसर के कोटकपूरा रोड पर पड़ती सरहंद फीडर नहर में गिर गई। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। वहीं, 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, 40 यात्रियों को रेस्क्यू कर लिया गया है। हादसे के समय बस में 60-65 यात्री सवार थे। घटना दोपहर करीब एक बजे की है। हादसे के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

मौके पर एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल व विभिन्न थानों की पुलिस पहुंची हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, बस मुक्तसर से कोटकपूरा की तरफ जा रही थी। घटनास्थल पर विधायक जगदीप सिंह काका बराड़ भी पहुंचे हैं। एसएसपी हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पांच लोगों की मौत हो गई है। उनके शव नहर से बाहर निकाल लिए गए हैं। मृतकों में तीन पुरुष व दो महिलाएं हैं। नहर में जाली लगा दी गई है। ताकि जो लोग बह गए हैं वह उसमें फंस जाएं और उनको जीवित या मृत हालत में बाहर निकाला जा सके। एसएसपी ने बताया कि 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बताया जा रहा है कि जब हादसा हुआ बस काफी रफ्तार में थी। बस नहर के किनारे लगे लोहे की ग्रिलों को तोड़ते हुए नहर में जा गिरी। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।


Next Story