भारत

पेट से निकला 5 किलो वजनी ट्यूमर, 12 साल की लड़की की सर्जरी के दौरान डॉक्टर भी रह गए दंग

Admin2
7 April 2021 3:11 PM GMT
पेट से निकला 5 किलो वजनी ट्यूमर, 12 साल की लड़की की सर्जरी के दौरान डॉक्टर भी रह गए दंग
x
3 घण्टे बाद मिली सफलता

दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों ने एक 12 साल की लड़की के पेट की सर्जरी कर दो फुटबॉल के आकार का ट्यूमर बाहर निकाला है। इस ट्यूमर का वजन 5 किलोग्राम है। अस्पताल के लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉक्टर तरुण मित्तल ने बताया कि 20 मार्च को 12 साल की लड़की पेट में दर्द की शिकायत के साथ सर गंगा राम अस्पताल में आई थी। उसके पेट में दर्द एवं सूजन 4-5 साल पहले शुरू हुई थी। धीरे-धीरे उसके पेट का आकार बढ़ रहा था। पिछले साल यह सूजन तेजी से आकार में बढ़ने लगी और लड़की को असुविधा काफी बढ़ गई। उसे दर्द हो रहा था और सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। उन्होंने सर गंगा राम अस्पताल में लेप्रोस्कोपिक एंड बेरिएट्रिक सर्जन डॉक्टर तरुण मित्तल से मुलाकात की। लड़की की क्लीनिकल जांच के दौरान पेट को बहुत भरा हुआ पाया गया।

डॉक्टर हैरान थे कि बहुत अधिक परेशानी के बिना सूजन इतने बड़े आकार तक पहुंच गई है। सीटी स्कैन से पता चला कि मरीज के पूरे पेट में काफी बड़ा ट्यूमर है, जिसका आकर 30x20x14 सेंटीमीटर है जो कि दो बड़े फुटबॉल के बराबर है। माता-पिता और लड़की से परामर्श के बाद 25 मार्च को उसकी सर्जरी की गई। सर्जरी के दौरान यह पुष्टि हो गई कि एक बड़ा ट्यूमर पूरे पेट में फैल गया था और बड़ी रक्त की नसों और आंत सहित शरीर के महत्वपूर्ण अंगों के साथ जुड़ा हुआ था। सर्जरी में दो प्रमुख चुनौतियां थीं एक तो ट्यूमर को निकालते समय रक्त की धमनियों की आंतों को बचाया जाए। दूसरा की ट्यूमर को शत-प्रतिशत पूरे पेट से काट कर निकाला जाए। 3 घंटे तक चले सफल ऑपरेशन में दोनों ही चुनौतियों में डॉक्टरों ने सफलता हासिल की और ट्यूमर को निकाल लिया गया। सर्जरी के बाद ट्यूमर का आकार देखकर डॉक्टर दंग रह गए। उन्होंने इसका वजन मापा तो यह 5 किलोग्राम था। लड़की को सफल सर्जरी के कुछ दिनों बाद छुट्टी दे दी गई।

Next Story