
यूपी। इटावा जिले में पुलिस ने नकली नोट चलाने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है. सैफई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से 30,200 रुपये के नकली नोट, एक अवैध तमंचा, तीन कारतूस, एक एंड्रॉयड फोन और एक स्विफ्ट कार बरामद हुई है.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गिरोह के सदस्य ग्रामीण क्षेत्रों में दुकानदारों को असली समझकर नकली नोट थमाते थे. बरामद नोट 500 और 200 रुपये के हैं. जांच में सामने आया है कि ये लोग आगरा के बाह क्षेत्र से नकली नोट लाते थे और आपस में बराबर बांट लेते थे.
गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक तुलसीपुर मोड़ के पास नकली नोटों के साथ बैठे हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पांचों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी में नकली नोटों की गड्डियां बरामद हुईं.पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे योगेश बरुआ नाम के शख्स से नकली नोट खरीदते थे, जो फोटोकॉपी मशीन से असली नोटों की हूबहू नकल तैयार करता था. बताया गया कि 20 हजार असली नोटों के बदले 50 हजार के नकली नोट बनाए जाते थे. पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क की जांच में जुटी है. इस घटना के खुलासे से हर कोई हैरान है.





