भारत

दलोट में 450 नरेगा श्रमिक पिछले 5 माह से बेकार बैठे

Shantanu Roy
17 March 2024 5:58 PM IST
दलोट में 450 नरेगा श्रमिक पिछले 5 माह से बेकार बैठे
x
प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ पंचायत समिति दलोट के ग्राम पंचायत दलोट और वर्तमान में नव गठित नगरपालिका दलोट में इन दोनों महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के तहत काम करने वाले करीब 450 श्रमिकों को पिछले 5 महीने से कोई काम ही नहीं दिया गया है। ग्राम पंचायत दलोट में 15 सितंबर 2023 के बाद नरेगा योजना के तहत कोई स्वीकृति नहीं निकली और ना ही नरेगा के श्रमिकों को इस दौरान इन पांच महीना में कोई काम मिला।नरेगा श्रमिक ललिता मीणा, कमलाबाई, कैलाशीबाई, मधुबाई, चंदाबाई, ललिताबाई, बसंतीबाई सहित कई नरेगा महिला श्रमिकों ने बताया कि ग्राम पंचायत दलोट में करीब 450 नरेगा श्रमिक है। सभी ने करीब 5 माह पहले नरेगा योजना के तहत स्वीकृत तालाब के कार्य पर काम किया था। उसके बाद आज तक कोई काम ही नहीं किया। इस संबंध में ग्राम पंचायत दलोट में जाकर भी संपर्क किया। लेकिन कोई संतोषप्रद जवाब नहीं मिला।
शहरी क्षेत्र नरेगा योजना के तहत दलोट नगर पालिका में नरेगा के कार्य होंगे। इसके लिए नरेगा श्रमिकों को नगर पालिका दलोट में जाकर शहरी नरेगा योजना के नए जॉब कार्ड बनवाने होंगे। नरेगा मेट बालू मालवीय, रेखा मालवीय, राज कंवर मालवीय ने बताया कि ग्राम पंचायत दलोट में 450 नरेगा मजदूरों के पास पिछले 5 महीनों से कोई काम नहीं है। नरेगा मेटों को भी पिछले 3 साल से कोई भुगतान नहीं हुआ है। वहीं 15 फरवरी 2024 को शासन सचिव एवं आयुक्त रवि जैन ने आदेश जारी करते हुए ग्राम पंचायत दलोट की सीमा क्षेत्र में आने वाले समस्त राजस्व गांव के संपूर्ण सीमा को सम्मिलित करते हुए दलोट को चतुर्थ श्रेणी नगर पालिका की घोषणा की थी। वही दलोट नगर पालिका होने की घोषणा के बाद अब कोई भी कार्य स्वीकृत नहीं हो रहे हैं। जिसके चलते पिछले 5 महीनो से खाली हाथ बैठे नरेगा श्रमिक भी हताश हो गए हैं।
Next Story