
मेरठ में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बुधवार को पुलिस ने शहर में रेलवे रोड थाना क्षेत्र के केसर गंज और देहली गेट थाना क्षेत्र के लाला का बाजार में छापा मारकर भारी मात्रा में विस्फोटक मिश्रण बरामद किया। इस सामग्री का प्रयोग दिवाली के लिए पटाखे बनाने में किया जाना था।
पुलिस ने विस्फोटक सामग्री मंगाने वाले गौरव मोहन निवासी 56 केसरगंज मंडी गेट को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, यदि यह विस्फोटक किसी हादसे की चपेट में आता तो आसपास के इलाके के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता था। पूछताछ में गौरव ने बताया कि पटाखा बनाने के लिए यह सामग्री मंगाई गई थी।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला विस्फोटक बड़ी मात्रा में पहुंचाया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीमों को अलग-अलग लोकेशन पर लगाया गया। जांच के दौरान दो ठिकाने सामने आए। एक लोकेशन देहलीगेट के लाला का बाजार की थी, जबकि दूसरी रेलवे रोड क्षेत्र की। बुधवार को सीओ सदर देहात सुधीर सिंह के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस ने लाला का बाजार स्थित कॉम्प्लेक्स को घेर लिया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक राखी की दुकान में भारी मात्रा में विस्फोटक छिपाकर रखा गया है। पुलिस टीमों ने पूरे परिसर की तलाशी शुरू की। एक दुकान की तलाशी के दौरान कई कट्टे बरामद हुए। कट्टों में विस्फोटक भरा मिला। लाला का बाजार में कार्रवाई के साथ ही पुलिस की दूसरी टीमों ने रेलवे रोड थाना क्षेत्र केसरगंज में छापा मारा। यहां भी पटाखे बनाने में प्रयुक्त होने वाला विस्फोटक मिश्रण बरामद हुआ। दोनों स्थानों से बरामद सामग्री को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक तौर पर मिली सामग्री की कुल मात्रा करीब 400 किलोग्राम बताई जा रही है।





