
मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के साढ़े 3 बजे वोल्वो बस और ट्रेलर की टक्कर हो गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। 25 यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा ट्रेलर में करीब 8 फीट तक घुस गया। यात्री बस में ही फंस गए।
खिड़कियां-गेट तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी। इसमें 65 यात्री सवार थे। हादसा एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 112 से 113 के बीच हुआ। पुलिस का कहना है कि फिलहाल हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरटेक लग रही है। बस में सवार 40 सुरक्षित यात्रियों को दूसरी बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है। मृतकों की पहचान की कोशिशें की जा रही हैं।
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया- यमुना एक्सप्रेसवे पर राया कट से करीब दो किलोमीटर पहले सड़क हादसा हुआ। गिट्टी से लदा एक ट्रेलर (RJ 47 GA 8143) अपनी लेन में जा रहा था। पीछे से आ रही तेज रफ्तार गोला बस सर्विस की वोल्वो बस (BR 28P 4723) बेकाबू होकर ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा करीब दो से ढाई मीटर तक ट्रेलर में घुस गया।
उन्होंने बताया- हादसे की सूचना सुबह 3.35 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को मिली। इसके बाद 8 पीआरबी और करीब 12 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। सभी 20 घायलों का इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर नहीं है। एसपी देहात ने बताया- प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस चालक की लापरवाही और ओवरस्पीड सामने आई है। मौके पर फायर सर्विस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें पहुंचीं। मलबा हटाकर यातायात सामान्य करा दिया गया है।
यूपी : मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर वोल्वो बस गिट्टी से लदे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हुई है, करीब 20 घायल हैं।pic.twitter.com/3PKmB6qYUW
— Sachin Gupta (@Sachingupta) June 30, 2026





