4 की मौत, अब तरबूज खाने को लेकर क्या सलाह दे रहे डॉक्टर जानिए?

मुंबई। गर्मियों के मौसम में तरबूज एक प्रमुख ऊर्जा का स्त्रोत माना जाता है। पानी और प्राकृतिक मिठास से भरे यह फल लोगों को बड़े प्रिय होते हैं। लेकिन क्या तरबूज खाने से किसी की मौत हो सकती है? यह सवाल इसलिए है क्योंकि हाल ही में मुंबई में एक दुखद घटना हुई है। यहां पर एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई है। परिवार ने मरने से पहले तरबूज खाया था। पुलिस ने भी इस मामले को कथित तौर पर फूड पाइजनिंग से जुड़ा हुआ माना है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक परिवार ने रात में ही कुछ रिश्तेदारों के साथ बिरयानी खाई थी। इसके बाद जब रिश्तेदार चले गए, तो उन्होंने घर में रखा हुआ तरबूज खाया। इसे खाने के कुछ ही घंटों बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टी दस्त की शिकायत होने लगी। इसके बाद वह अस्पताल पहुंचे, जहां पर परिवार के सभी लोगों की मौत हो गई।
इस घटना के बाद पुलिस भी सचेत हो गई और पूरे परिवार की मौत का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस के मुताबिक अभी इस मामले में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। घर में रखे खाने को मेडीकल जांच के लिए भेज दिया गया है। इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोट्स का इंतजार किया जा रहा है। इस घटना ने तरबूज को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या तरबूज खाने से मौत हो सकती है। एनडीटीवी से बात करते हुए डॉक्टर रुपाली दत्ता ने बताया कि तरबूज से फूड पाइजनिंग की स्थिति बन सकती है। कई बार यह गंभीर भी हो सकती है।
इसके साथ ही उन्होंने इसका कारण भी बताया। उन्होंने कहा कि तरबूज में पानी और प्राकृतिक शुगर की मात्रा अधिक होती है, जिससे अगर यह दूषित हो जाए तो बैक्टीरिया तेजी से पनप सकते हैं। इसके अलावा, कई बार यह भी सामने आया है कि तरबूज में मिठास या दिखावट बढ़ाने के लिए उसमें ग्लूकोज या शुगर वाला पानी इंजेक्ट किया जाता है। अगर ऐसा दूषित तरबूज हो, तो बैक्टीरिया की वृद्धि और तेज हो सकती है। डॉक्टर्स के मुताबिक तरबूज से जुड़ी फूज पाइजनिंग में मुख्य तौर पर दस्त, उल्टी और पेट दर्ज जैसे लक्षण देखने को मिलते हैं। इसकी गंभीरता इस बात पर निर्भर करती है कि तरबूज के अंदर किस तरह का बैक्टीरिया है, या फिर इसे खाने वाले की रोग प्रतिरोधक क्षमता कैसी है।





