भारत

39 यात्री जिंदा जलने से बाल-बाल बचे, आग की चपेट में आया डबल डेकर बस

Nilmani Pal
26 Oct 2025 1:16 PM IST
39 यात्री जिंदा जलने से बाल-बाल बचे, आग की चपेट में आया डबल डेकर बस
x
पढ़े पूरी खबर

यूपी। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर गंभीर हादसा हो गया. दिल्ली से गोंडा जा रही एक डबल डेकर वातानुकूलित बस में भीषण आग लग गई, जिससे बस पूरी तरह जलकर राख हो गई. राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी 39 यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए. यह घटना सुबह करीब 4:45 बजे थाना काकोरी क्षेत्र के रेवरी टोल प्लाजा के पास हुई. जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली से लखनऊ होते हुए गोंडा जा रही थी. बस जब रेवरी टोल प्लाजा से लगभग 500 मीटर पहले पहुंची, तभी उसके पिछले टायर में अचानक आग लग गई. कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस धुएं व लपटों से घिर गई.

बस चालक जगत सिंह ने बताया कि जब उसने धुआं उठते देखा तो तुरंत बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा. चालक और परिचालक की सूझबूझ के चलते सभी यात्री समय रहते बस से बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई. सूचना मिलते ही काकोरी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई. फायर टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. आग इतनी भीषण थी कि बस की छत से लेकर सीटें तक जलकर राख हो गईं. पुलिस ने बताया कि किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं.

पुलिस के अनुसार, आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट या टायर के ओवरहीट होने की मानी जा रही है. फिलहाल आग के सही कारणों की जांच की जा रही है. घटना के बाद बस मालिक श्यामलाल गोले से संपर्क किया गया. उन्होंने तुरंत दूसरी बस की व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गंतव्य गोंडा भेजा. बस को फिलहाल एक्सप्रेस-वे के किनारे हटा दिया गया है और आवागमन पूरी तरह सामान्य है.

Next Story
null