
यूपी। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार देर रात राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए 38 आईएएस (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं. इस फेरबदल में देवरिया, जौनपुर, मऊ, महराजगंज, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, संभल और प्रतापगढ़ सहित कुल आठ जिलों के जिलाधिकारी (DM) बदल दिए गए हैं.
सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव मधुसूदन हुल्गी को देवरिया का नया डीएम बनाया गया है. वहीं, सैमुअल पाल एन को जौनपुर, आनंद वर्धन को मऊ और गौरव सिंह सोगरवाल को महराजगंज की कमान सौंपी गई है. संतोष कुमार शर्मा अब फिरोजाबाद के डीएम होंगे, जबकि राजेंद्र पेंसिया को मुरादाबाद और अंकित खंडेलवाल को संभल का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है. अभिषेक पांडेय को प्रतापगढ़ जिले की जिम्मेदारी दी गई है.
इस तबादला सूची में सबसे चर्चित नाम रिंकू सिंह राही का है. तकनीकी इस्तीफा वापस लिए जाने के बाद, उन्हें जालौन का संयुक्त मजिस्ट्रेट बनाया गया है. इससे पहले वह राजस्व परिषद से संबद्ध थे.





