
x
खेत में छिपाए थे करोड़ों रुपये
नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में व्यापारी के कर्मचारियों पर हमला कर 3.74 करोड़ रुपये लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले से 3.28 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। लूट की रकम खेत में भूसे के ढेर के नीचे तीन बोरियों में छिपाकर रखी गई थी। मामले में छह आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नागपुर के शांतिनगर थाना क्षेत्र स्थित तुलसीनगर इलाके में 18 नवंबर को लूट की वारदात हुई थी। धान और फाइनेंस कारोबार से जुड़े व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों को आरोपियों ने निशाना बनाया था। कर्मचारियों पर चाकू से हमला करने के बाद आरोपी नकदी से भरी एसयूवी लूटकर फरार हो गए थे।
वारदात के बाद नागपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। जांच के दौरान आरोपियों के मध्य प्रदेश से जुड़े होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस टीम बालाघाट जिले के डोरली माल गांव पहुंची, जहां एक खेत की तलाशी के दौरान भूसे के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई तीन बोरियां बरामद हुईं। बोरियों से तीन करोड़ 28 लाख रुपये की नकदी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
इस मामले में पुलिस ने चंद्रकांत बघेल और रजनीकांत चंद्रभान को गिरफ्तार किया है। जांच में कुल आठ आरोपियों की कथित संलिप्तता सामने आई है। इनमें शुभम डहरवाल, अजय यादव, विशाल सोनगडे और रितेश मरस्कोल्हे समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात से पहले जूमकार ऐप के माध्यम से वाहन बुक कर व्यापारी के घर की कथित रेकी की थी। पुलिस लूट की शेष रकम का पता लगाने के साथ फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
Next Story





