
x
फ्रीगंज के विजय को देनी थी खेप
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ छत्ता थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 36 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन और 490 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, छत्ता पुलिस यमुना किनारे चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को गांजा तस्करी से जुड़े तीन संदिग्धों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस टीम ने जांच के दौरान तीनों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 36 किलो गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर आगरा पहुंचे थे और यहां इसकी सप्लाई करने की तैयारी में थे। पुलिस जांच में सामने आया कि गांजे की यह खेप फ्रीगंज निवासी विजय नाम के व्यक्ति को दी जानी थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, गांजा प्राप्त करने वाले बताए जा रहे विजय की तलाश की जा रही है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बरामद गांजे, मोबाइल फोन और नकदी को कब्जे में लेकर छत्ता थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ओडिशा से आगरा तक गांजे की खेप पहुंचाने में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इस नेटवर्क में अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
Next Story





