भारत
दोस्तों के साथ घूमने आया 32 वर्षीय युवक लापता, 2 दिन बाद मिला पर्यटक का शव
Shubhra Nandy
14 July 2021 6:58 AM IST

x
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है.
हिमाचल प्रदेश| कांगड़ा जिले में भारी बारिश के कारण काफी नुकसान हुआ है. इसके साथ ही कुछ लोगों के लापता होने की भी खबर है. मंगलवार शाम को रेस्क्यू टीम ने एक 32 साल के पर्यटक का मृत शरीर पाया है. जानकारी के मुताबिक मृतक अमृतसर का रहने वाला था. वह अपने पांच दोस्तों के साथ कांगड़ा जिले के टूरिस्ट गांव घूमने आया था.
रविवार को बादल फटने के बाद हुई भारी बारिश के बाद से ही यह 32 वर्षीय युवक लापता था. इस बीच मंगलवार शाम को बोह गांव के रहने वाले चार ग्रामीणों का मृत शरीर भी रेस्क्यू टीम को प्राप्त हुआ है. बताया गया है कि मृतक टूरिस्ट का नाम मनमीत था. अमृतसर से आये उसके पांच और दोस्त सही सलामत घर वापस लौट गए थे.
ये सभी करेरे गांव घूमने आए थे. रविवार से ही मनमीत लापता था. मंगलवार शाम को रेस्क्यू टीम ने उसका मृत शरीर करेरे के पास से बरामद कर लिया है. वहीं, जिन चार ग्रामीणों का शव मिला है. उनमें से दो पुरुष, एक महिला और एक बच्चा है. इन सबका शव बोह गांव के मलबे से बरामद हुआ है. महिला का शव इससे पहले सोमवार को बरामद हुआ था. इसके साथ ही भारी बारिश और लैंडस्लाइड से बोह में मरने वालों की संख्या पांच हो गई है. हालांकि, अभी पांच और लोग लापता बताए जा रहे हैं. जिनको ढूंढ़ने के लिए बुधवार सुबह 6 बजे से रेस्क्यू शुरू किया जाएगा.
कुल्लू जिले में येलो अलर्ट
कुल्लू जिले में भी बारिश का अनुमान जताते हुए प्रशासन की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही साथ, 15 सितंबर तक के लिए सभी एडवेंचर टूरिस्ट एक्टिविटीज पर रोक भी लगा दी गई है. जगह-जगह हुई तबाही को देखते हुए जिला प्रशासन अपनी तरफ से एहतियात बरत रहा है. एडवेंचर टूरिस्ट एक्टिविटीज पर रोक भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है
Next Story





