भारत

3 पुलिसकर्मी घायल, रईसजादों ने कार से मारी ठोकर

Nil dhankar
27 Nov 2024 6:28 AM IST
3 पुलिसकर्मी घायल, रईसजादों ने कार से मारी ठोकर
x
ब्रेकिंग

बिहार। पटना के एसके पुरी थाना क्षेत्र में तेज आवाज में संगीत बजा हंगामा कर रहे एक्सयूवी सवार रईसजादों को पुलिस की रोकटोक पसंद नहीं आई। रोकने पर कार सवार युवक पुलिस पदाधिकारियों से भीड़ गए। बाद में आरोपितों ने पुलिस कर्मियों को कार से कुचलने का प्रयास किया। कार की टक्कर से थाने में तैनात दो दारोगा और एक जमादार बुरी तरह जख्मी हो गए। उधर घटना के बाद सभी युवक फरार होने में सफल हो गए। इस मामले में दारोगा सैयद रजी उर्रव के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।

थानेदार पंकज कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर से आरोपितों की पहचान कर ली गई है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापे मार रही है। दारोगा सैयद रजी उर्रव पुलिस बल के साथ बीते 24 नवंबर की शाम विशेष वाहन जांच के लिए निकले थे। पुलिस की टीम रात करीब आठ बजे अटल पथ पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सहदेव महतो मार्ग पर करीब सात युवक एक नीले रंग की एसयूवी में सवार हैं।

नशे की हालत में वे तेज आवाज में गाना बजाकर हंगामा कर रहे हैं। इसकी जानकारी पर सैयद रजी उर्रव पुलिस कर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे तो कार सवार युवकों को कार का गेट खोल कर तेज आवाज में गाना बजाते देखा। ऐसे करने से मना करने पर कार सवार युवक पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों से उलझ गए और उनसे बदसलूकी करने लगे। इसी बीच आरोपितों ने पुलिसकर्मियों को कार से कुचलने की कोशिश की और उन्हें टक्कर मारते हुए तेजी से नेहरू पथ की ओर फरार हो गए।

Next Story