
बिलासपुर। इसी माह रिटायर हो रहे सिविल लाइन थाना प्रभारी को एसएसपी रजनेश सिंह ने हटा दिया है। उन्हें सरकंडा सीएसपी ऑफिस में पोस्टिंग दी गई है। उनकी जगह सिरगिट्टी थाना प्रभारी किशोर केंवट को सिविल लाइन थाने भेजा गया है। जबकि, सरकंडा सीएसपी ऑफिस में पदस्थ निरीक्षक अभय बैस को सिरगिट्टी थाने की जिम्मेदारी दी गई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने कानून व्यवस्था बनाने के लिए प्रशासनिक फेरबदल किया है। इसके तहत तीन निरीक्षकों के तबादला करते हुए नई पदस्थापना के आदेश जारी किए गए हैं, जिनका प्रभाव तत्काल लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार 31 मई को सेवानिवृत्त होने वाले सिविल लाइन टीआई एसआर साहू को सरकंडा सीएसपी ऑफिस में पदस्थापना दी गई है। अफसरों का कहना है कि सिविल लाइन थाना वीआईपी माना जाता है, यहां काम से ज्यादा मैनेजमेंट जरूरी है। यही वजह है कि किशोर केंवट को समझने के लिए शहर के महत्वपूर्ण थाने का प्रभार पहले ही सौंप दिया गया है।
माना जा रहा था कि एसएसपी ऑफिस में शिकायत सेल में पदस्थ निरीक्षक निलेश पांडेय को सिविल लाइन थाना प्रभारी की जिम्मेदारी दी जा रही थी। लेकिन, उनका प्रमोशन डीएसपी के पद पर होने वाला है। प्रमोशन के समय में उन्होंने वीआईपी थाना जाने के लिए तैयार नहीं हुए। लिहाजा, उनकी जगह सिरगिट्टी टीआई किशोर केंवट को एडजेस्ट किया गया है।





