भारत

एक्सीडेंट में 3 लोगों की मौत, तीन अलग-अलग जगहों में हादसे

Nilmani Pal
4 Jan 2026 7:10 AM IST
एक्सीडेंट में 3 लोगों की मौत, तीन अलग-अलग जगहों में हादसे
x
पढ़े पूरी खबर

बिहार। मुंगेर में सड़क सुरक्षा सप्ताह के पहले दिन अलग-अलग जगहों पर हुए हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं दो लोग घायल हैं. पहली घटना हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के राजरानी तालाब के पास हुई, जिसमें बेटे का एडमिशन कराने जा रहे बाइक सवार को वाहन ने कुचल दिया. इसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हैं, जिनका भागलपुर में इलाज चल रहा है. वहीं देर शाम बरियारपुर इलाके के नया छावनी के रहने वाले रामवृक्ष शर्मा सड़क किनारे पैदल जा रहे थे, तभी बरियारपुर की ओर से आ रहे वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन-फानन में परिजन बरियारपुर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

इसके अलावा मुफ्फसिल इलाके के मुंगेर-बरियारी एनएच 80 के बोचाही के पास बाइक सवार को कार सवार ने टक्कर मार दी. नयारामनगर पुलिस ने युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान शामपुर इलाके के लक्ष्मणटोला सठबिग्घी गांव निवासी 22 वर्षीय हरिओम के रूप में की गई.परिजनों ने बताया कि हरिओम के पिता किसी केस में मुंगेर जेल में हैं, हरिओम अपने पिता की जमानत के लिए वकील से मिलने कोर्ट आया था. लौटने के दौरान यह हादसा हो गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है, जबकि चालक भाग निकला.

यातायात डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह चल रहा है. इसके तहत यातायात पुलिस विभिन्न तरीकों से वाहन चालकों को जागरूक कर रही है. हादसे में सबसे ज्यादा मौत बाइक से सफर करने वालों की होती है. इसके बाद भी लोग हेलमेट का इस्तेमाल नहीं करते. नियमानुसार लोगों को दंडित भी किया जाता है. उन्होंने गाड़ी चालकों से यातायात नियम का पालन करते हुए वाहन चलाने की अपील की है.


Next Story
null