भारत

AC फटने से 3 लोगों की मौत, पालतू कुत्ता भी जिंदा जला

Nilmani Pal
8 Sept 2025 11:25 AM IST
AC फटने से 3 लोगों की मौत, पालतू कुत्ता भी जिंदा जला
x
पढ़े पूरी खबर

हरियाणा। फरीदाबाद जिले में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ. ग्रीन फील्ड कॉलोनी स्थित एक मकान के फर्स्ट फ्लोर पर एसी फटने के बाद आग लग गई. इस आगजनी में सेकेंड फ्लोर पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि परिवार का पालतू कुत्ता भी इस हादसे में झुलसकर मर गया.

मृतकों की पहचान परिवार के मुखिया सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू कपूर और बेटी सुजान कपूर के रूप में हुई है. हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है और पड़ोसी इस त्रासदी से स्तब्ध हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात को अचानक जोरदार धमाके की आवाज आई. इसके बाद मकान से धुआं और आग निकलने लगी. जब तक स्थानीय लोग और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचते, तब तक पूरा फ्लैट धुएं से भर चुका था. दम घुटने की वजह से तीनों सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, परिवार का पालतू कुत्ता भी बच नहीं पाया.

सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण एसी का फटना और शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. हालांकि, विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.

Next Story