भारत

3 की मौत, ट्रैक्टर में जा भिड़ी स्कॉर्पियो

Nilmani Pal
27 May 2026 6:53 AM IST
3 की मौत, ट्रैक्टर में जा भिड़ी स्कॉर्पियो
x
सड़क हादसा

यूपी। रायबरेली में सलोन कोतवाली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मीरजहांपुर के पास मंगलवार देर रात दिल्ली से जौनपुर आ रही स्कॉर्पियो कार खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। हादसे में किशोरी समेत तीन महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाओं और ड्राइवर समेत पांच लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को सीएचसी संग्रामगढ़ में भर्ती कराया गया है।

रात में एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक हादसे का मंजर देखकर लोगों की रूह कांप उठी। स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो चुका था। सड़क पर कांच के टुकड़े, बैग, कपड़े और मोबाइल बिखर गए। गाड़ी के अंदर फंसे लोग दर्द से कराह रहे थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस पहुंचने से पहले ही राहत कार्य शुरू कर दिया। किसी ने गाड़ी के दरवाजे खींचे, तो किसी ने मोबाइल की रोशनी में अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। आधे घंटे बाद लोगों को निकाला जा सका।

हाईवे पर खून से लथपथ पड़े घायलों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचना शुरू किया तो राहगीर भी रुककर मदद में जुट गए। जौनपुर स्थित सुजानगंज थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव के रहने वाले एक ही परिवार के आठ लोग मंगलवार को दिल्ली से चलकर गृह जनपद जौनपुर लौट रहे थे। इसी बीच गंगा एक्सप्रेसवे पर रात करीब साढ़े दस बजे सलोन कोतवाली क्षेत्र के मीरजहांपुर के पास स्कॉर्पियो सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से घुस गई। हादसे में किशोरी समृद्धि (12) पुत्री गुरचरण सिंह के साथ सरोज सिंह (55) पत्नी राजेंद्र और संगीता सिंह (22) पुत्री नीरज सिंह की मौके पर मौत हो गई। प्रतिभा सिंह (32) पत्नी गुरु चरण सिंह और सविता सिंह पत्नी नीरज सिंह के साथ ही गुरुचरण सिंह (35) पुत्र राजेंद्र प्रताप सिंह, नीरज सिंह पुत्र राजेंद्र और समर्थ सिंह (3) समेत पांच लोग घायल हो गए।

घायलों को प्रतापगढ़ जिले के संग्रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इसमें तीन साल के मासूम बच्चे की हालत गंभीर होने पर एम्स रेफर कर दिया गया। बाकी अन्य घायलों को प्रतापगढ़ और रायबरेली के अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक और घायल एक ही परिवार के हैं। सभी लोग दिल्ली से जौनपुर घर स्कॉर्पियो से लौट रहे थे।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। सलोन कोतवाल बालेन्दु गौतम ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Next Story