भारत

275 यात्री बिना टिकट, रेलवे ने वसूला 1.96 लाख रुपए

SHIDDHANT
14 Nov 2025 12:34 AM IST
275 यात्री बिना टिकट, रेलवे ने वसूला 1.96 लाख रुपए
x
रेलवे ने कसा शिकंजा
Delhi दिल्ली: उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने बिना टिकट यात्रा करने वालों पर शिकंजा कसते हुए बुधवार को साबरमती एक्सप्रेस (20939/20940) में सघन टिकट जांच अभियान चलाया। इस दौरान लखनऊ से सुलतानपुर और वापसी की यात्रा करने वाले कुल 275 यात्री चेकिंग टीम के हत्थे चढ़ गए। रेलवे ने मात्र एक ट्रिप में ₹1,96,400 का जुर्माना वसूला। इस अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (DCM) कुलदीप तिवारी के निर्देश पर किया गया। स्पेशल टिकट चेकिंग टीम में 7 टिकट निरीक्षक और 2 आरपीएफ जवान शामिल थे। टीम ने दोनों दिशाओं में ताबड़तोड़ चेकिंग कर यात्री नियमों के तहत जुर्माना भरने के लिए बाध्य किए।

बिना टिकट यात्रा करने वालों के लिए रेलवे ने स्पष्ट किया कि एक्सपायर्ड टिकट, गलत तारीख या गलत स्टेशन वाले टिकट, और निचली श्रेणी का टिकट लेकर स्लीपर/AC कोच में कब्जा जमाने वाले सभी यात्रियों से मौके पर जुर्माना वसूला जाएगा। जैसे ही सुलतानपुर से लखनऊ लौट रही ट्रेन में चेकिंग शुरू हुई, कोचों में अफरातफरी मच गई। कई यात्री जुर्माना भरकर अपनी सफाई देने लगे, लेकिन रेलवे ने किसी को बख्शा नहीं। DCM कुलदीप तिवारी ने कहा, “बिना टिकट यात्रा करना न केवल गैर-कानूनी है, बल्कि आपकी सुरक्षा के लिए भी खतरा है। हम ऐसे सघन अभियान आगे भी जारी रखेंगे। वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें, वरना जुर्माना और कानूनी कार्रवाई दोनों के लिए तैयार रहें।

यात्रियों ने भी कहा कि उन्होंने सोचा था कि यह छोटा रूट है और कोई चेकिंग नहीं होगी, लेकिन अभियान ने सभी को सबक सिखा दिया। लखनऊ मंडल ने आगाह किया है कि आने वाले दिनों में अवध एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस और अन्य प्रमुख रूटों पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि ट्रेन में चढ़ते समय जेब में वैध टिकट जरूर रखें, वरना ₹500 से लेकर ₹1,500 तक का जुर्माना वसूला जा सकता है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कदम यात्रियों में जागरूकता लाने, अनुशासन बनाए रखने और नियमों के उल्लंघन को रोकने के लिए उठाया गया है।
Next Story