भारत

23 भारतीय मछुआरों ने पार की समुद्री सीमा, श्रीलंकाई नौसेना ने किया गिरफ्तार

Kunti Dhruw
14 Oct 2021 5:40 PM GMT
23 भारतीय मछुआरों ने पार की समुद्री सीमा, श्रीलंकाई नौसेना ने किया गिरफ्तार
x
श्रीलंकाई नौसेना ने 23 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है.

श्रीलंकाई नौसेना ने 23 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है. इन मछुआरों ने 11 अक्टूबर को दो मशीनीकृत नौकाओं में हिंद महासागर में प्रवेश किया था. रिपेर्ट्स की मानें तो गिरफ्तार किए गए मछुआरे तमिलनाडु (Tamil nadu) के नागपट्टिनम के निवासी हैं.

जानकारी के मुताबिक समुद्री सीमा पार करने पर मछुआरों को श्रीलंकाई नौसेना ने घेर लिया और बताया कि उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा पार कर ली है. उनकी गिरफ्तारी के बाद, मछुआरों को श्रीलंका में कांकेसंथुराई नौसेना शिविर ले जाया गया. तमिलनाडु के नागपट्टिनम के अक्करैपट्टी गांव के स्थानीय लोगों ने कहा कि मछुआरे पहले से ही कोविड -19 महामारी के कारण भारी नुकसान से जूझ रहे थे.
नागपट्टिनम मछुआरा संघ के प्रमुख अरुलानंदम ने कहा, "अब, महामारी के बाद, हमने धीरे-धीरे अपनी आजीविका हासिल करना शुरू कर दिया है. हालांकि अब, 23 मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया है और श्रीलंकाई नौसेना ने दो नावों को जब्त कर लिया गया है.
मछुआरा संघ के प्रमुख ने केंद्र से लगाई मदद की गुहार
उन्होंने कहा, "हम केंद्र और राज्य सरकारों से हमारी मदद करने का आग्रह करते हैं. हमारे मछुआरों को लगातार परेशान किया जा रहा है और हमारे जाल नष्ट किए जा रहे हैं. हमें मदद की जरूरत है."
इससे पहले इस साल अगस्त में, तमिलनाडु के मंडपम बंदरगाह के मछुआरों के एक समूह ने श्रीलंकाई नौसेना पर उनकी नाव पर पत्थरों से हमला करने का आरोप लगाया था.
वहीं जून में तमिलनाडु के नौ मछुआरे पाक जलडमरूमध्य से मछली पकड़ने के बाद लौट रहे थे कि इसी दौरान श्रीलंकाई नौसेना (Sri Lankan Navy) के जवानों ने उन पर कथित रूप से गोली चला दी. हालांकि, इस घटना में वे बाल बाल बच गये. मछुआरों के प्रतिनिधि और अरोकियाम (Arokiam) ने बताया कि श्रीलकाई नौसेना द्वारा की गयी गोलीबारी में कम से कम चार नौकाओं को क्षति पहुंची, जिन पर वे सवार थे और दो नावों से एक-एक गोली बरामद की गई.


Next Story