भारत

WhatsApp पर APK भेजकर उड़ाते थे पैसे, 22 आरोपी गिरफ्तार

SHIDDHANT
21 Nov 2026 7:25 PM IST
WhatsApp पर APK भेजकर उड़ाते थे पैसे, 22 आरोपी गिरफ्तार
x
64 पुलिसकर्मी
Delhi दिल्ली। दिल्ली पुलिस की पश्चिम जिला टीम ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार राज्यों में एक साथ छापेमारी कर इस गिरोह का पर्दाफाश किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने देशभर में 22,139 लोगों को निशाना बनाकर 20 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी को अंजाम दिया। इस गिरोह के तार नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज 2,080 शिकायतों से जुड़े पाए गए हैं।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधियों के इस नेटवर्क को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में 64 पुलिसकर्मियों की सात अलग-अलग टीमें गठित की गईं। इन टीमों ने झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के आठ जिलों में 17 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। झारखंड के जामताड़ा सहित विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि आरोपी लोगों को केवाईसी अपडेट करने, पेंशन संबंधी जानकारी देने और अन्य सुविधाओं का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद वे पीड़ितों के व्हाट्सऐप नंबर पर खतरनाक एपीके (APK) फाइल भेजते थे। इन फाइलों को जरूरी दस्तावेज या अपडेट बताकर मोबाइल में इंस्टॉल करने के लिए कहा जाता था।
जैसे ही कोई व्यक्ति इन संदिग्ध फाइलों को इंस्टॉल करता, उसके मोबाइल की सुरक्षा खतरे में पड़ जाती थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इन फाइलों के माध्यम से पीड़ितों के मोबाइल फोन तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर लेते थे और बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। पुलिस जांच में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी और म्यूल अकाउंट नेटवर्क से जुड़े मामले भी सामने आए हैं। म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खातों को कहा जाता है, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराध से प्राप्त रकम को प्राप्त करने या दूसरे खातों में स्थानांतरित करने के लिए किया जाता है।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य पीड़ितों की बड़ी संख्या है। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने देशभर में 22 हजार से अधिक लोगों को निशाना बनाया। वहीं, आरोपियों का संबंध साइबर अपराध पोर्टल पर दर्ज 2,080 शिकायतों से मिलने से नेटवर्क के व्यापक स्तर पर सक्रिय होने की जानकारी सामने आई है। चार राज्यों में एक साथ की गई इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ दिल्ली पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है। यह मामला अनजान नंबरों से व्हाट्सऐप पर भेजी जाने वाली एपीके फाइलों और संदिग्ध लिंक से जुड़े साइबर खतरों को भी उजागर करता है।
Next Story