भारत

21 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या, शव सड़क किनारे गड्ढे में मिला

Shantanu Roy
4 March 2026 6:56 PM IST
21 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या, शव सड़क किनारे गड्ढे में मिला
x
जांच में जुटी पुलिस
Samastipur. समस्तीपुर। रंगों और उल्लास के पर्व होली के बीच समस्तीपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रहुआ गांव में 21 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर उसका शव सड़क किनारे एक गड्ढे में फेंक दिया गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और होली की खुशियां मातम में बदल गई हैं। मृतक की पहचान सोनू कुमार माझी (21) के रूप में हुई है। वह मनोहर माझी के पुत्र थे और रहुआ लड़वारा टोले, वार्ड नंबर 1 के निवासी थे। यह क्षेत्र वारिसनगर थाना के अंतर्गत आता है। परिजनों के अनुसार सोनू मंगलवार शाम तक गांव में ही थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। परिजन उनकी तलाश में जुटे ही थे कि बुधवार सुबह ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे एक गड्ढे में पड़े शव पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर शव की पहचान सोनू के रूप में हुई।

घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां और अन्य परिजन बेसुध हो गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि शव पर चोट के कई निशान थे, जिससे अंदेशा है कि हत्या से पहले युवक के साथ मारपीट की गई होगी। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। सूचना मिलते ही वारिसनगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना स्थल ही हत्या का स्थान है या कहीं और हत्या कर शव यहां लाकर फेंका गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी और अन्य संभावित कारणों के बिंदु पर जांच कर रही है। कुछ संदिग्ध युवकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि होली जैसे त्योहार पर इस तरह की घटना ने पूरे समाज को
झकझोर कर रख
दिया है। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल गांव में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। होली के रंगों के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे समस्तीपुर को स्तब्ध कर दिया है। जहां एक ओर लोग त्योहार मना रहे थे, वहीं एक परिवार का चिराग बुझ गया। अब सभी की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर इस बेरहम हत्या के पीछे कौन है और कब तक उसे कानून के कटघरे में लाया जाएगा।
Next Story