भारत

रेयर अर्थ मैग्नेट बनाने की दौड़, 20 कंपनियों ने दिखाई रुचि; सिर्फ 5 को मिलेगा मौका

SHIDDHANT
14 Aug 2026 12:14 AM IST
रेयर अर्थ मैग्नेट बनाने की दौड़, 20 कंपनियों ने दिखाई रुचि; सिर्फ 5 को मिलेगा मौका
x
Delhi दिल्ली। इलेक्ट्रिक वाहन, मोबाइल फोन, विंड टर्बाइन और डिफेंस सेक्टर की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए भारत ने रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट के घरेलू उत्पादन को बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार ने इसके लिए 7,280 करोड़ रुपये की योजना शुरू की है, जिसमें देश में मैग्नेट मैन्युफैक्चरिंग क्षमता विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना के तहत सालाना 6,000 मीट्रिक टन रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट बनाने की क्षमता तैयार करने की योजना है। इसके लिए करीब 20 कंपनियों ने रुचि दिखाई है, लेकिन सरकार की योजना के तहत केवल 5 कंपनियों को चयनित किया जाएगा।
रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट बेहद शक्तिशाली मैग्नेट होते हैं, जिनका इस्तेमाल इलेक्ट्रिक व्हीकल मोटर, विंड टर्बाइन, इलेक्ट्रॉनिक्स, एयरोस्पेस और डिफेंस सिस्टम में किया जाता है। इलेक्ट्रिक वाहनों और ग्रीन एनर्जी की मांग बढ़ने के साथ इन मैग्नेट की जरूरत भी तेजी से बढ़ रही है। भारत वर्तमान में हाई परफॉर्मेंस रेयर अर्थ मैग्नेट के लिए काफी हद तक आयात पर निर्भर है। सरकार अब घरेलू उत्पादन बढ़ाकर इस निर्भरता को कम करना चाहती है।
सरकारी अनुमान के मुताबिक, वर्ष 2030 तक भारत में रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट की मांग करीब 8,220 मीट्रिक टन सालाना तक पहुंच सकती है। इसमें सबसे बड़ा योगदान इलेक्ट्रिक वाहन और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से आने की उम्मीद है। इसके अलावा सरकार चार राज्यों में क्रिटिकल मिनरल प्रोसेसिंग पार्क बनाने की तैयारी कर रही है। आंध्र प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और ओडिशा में बनने वाले इन पार्कों का उद्देश्य केवल खनिजों को निकालना नहीं बल्कि देश के अंदर ही उनकी प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन को बढ़ावा देना है।
विशेषज्ञों के अनुसार, रेयर अर्थ एलिमेंट्स भविष्य की तकनीक के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनका उपयोग स्मार्टफोन, इलेक्ट्रिक मोटर, रोबोटिक्स और आधुनिक रक्षा उपकरणों में होता है। सरकार की इस पहल को भारत की आत्मनिर्भरता और रणनीतिक सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। घरेलू उत्पादन बढ़ने से आयात पर निर्भरता कम होगी और देश वैश्विक सप्लाई चेन में अपनी भूमिका मजबूत कर सकेगा।
Next Story