भारत

मकान ढहने से 2 युवकों की मौत, कई घायल

Nilmani Pal
17 Sept 2022 6:26 AM IST
मकान ढहने से 2 युवकों की मौत, कई घायल
x
राजधानी में हादसा

दिल्ली। दिल्ली के जौहरीपुर एक्सटेंशन में शुक्रवार को एक मकान ढह जाने से दो युवाओं की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस के एक दल, दिल्ली दमकल विभाग और दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अधिकारियों ने बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस ने कहा कि मजदूर घर की मरम्मत का काम कर रहे थे, जब अचानक प्रथम तल की छत गिर गई। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि रात नौ बजकर 15 मिनट तक मलबे से दो शवों को निकाला जा चुका था। उन्होंने कहा कि एक महिला समेत सात लोगों को मलबे से बाहर निकालने के बाद दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी) में भर्ती करवाया गया है।

मृतकों की पहचान हर्षित (17) और मुकेश (20) के रूप में की गई है जो उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी के रहने वाले थे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उक्त घटना के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दिल्ली दमकल विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि अपराह्न लगभग 12 बजकर दो मिनट पर फोन के जरिये घटना की जानकारी दी गई थी। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियों को रवाना किया गया। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने बाद में एक बयान में कहा कि मकान लगभग 20 साल पुराना था।


Next Story