भारत

2 और मौत: बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 192 लोगों को गंवानी पड़ी जान

Nil dhankar
11 July 2022 6:25 AM IST
2 और मौत: बाढ़ और भूस्खलन से अब तक 192 लोगों को गंवानी पड़ी जान
x

गुवाहाटी. असम राज्य में बाढ़ की स्थिति में काफी सुधार होने के बावजूद रविवार को दो और लोगों की मौत हो गई। एक आधिकारिक बुलेटिन में यह जानकारी दी गयी। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) बुलेटिन के अनुसार, दोनों मौतें हैलाकांडी जिले में हुईं। इस साल बाढ़ और भूस्खलन में जान गंवाने वालों की संख्या 192 हो गई।

बुलेटिन के मुताबिक, अभी भी 12 जिलों में 5,39,334 लोग बाढ़ से पीड़ित हैं। 18 राजस्व मंडलों के कुल 390 गांव जलमग्न हैं। कछार सबसे ज्यादा प्रभावित जिला है, जहां 3,55,960 लोग अब भी प्रभावित हैं, इसके बाद मोरीगांव में 1,42,662 लोग बाढ़ की चपेट में हैं।

राज्य में 38,000 से अधिक लोगों ने 114 राहत शिविरों में शरण ली है। एएसडीएमए ने कहा कि कुल 7,368.41 हेक्टेयर फसल क्षेत्र भी जलमग्न है। पिछले 24 घंटों में डिब्रूगढ़, मोरीगांव, नगांव, उदलगुरी, बक्सा और होजई जिलों में घरों, सड़कों और अन्य इमारतों को नुकसान पहुंचा है। एएसडीएमए के मुताबिक, बक्सा, विश्वनाथ, बोंगाईगांव, मोरीगांव और तिनसुकिया जिलों से भूस्खलन की खबरें मिली हैं। हालांकि, राज्य में कोई भी बड़ी नदी खतरे के निशान से ऊपर नहीं बह रही है.

Next Story