भारत

19 लोगों की मौत...डंपर ड्राइवर ने सड़क पर बिछा दी लाशें

jantaserishta.com
3 Nov 2025 4:17 PM IST
19 लोगों की मौत...डंपर ड्राइवर ने सड़क पर बिछा दी लाशें
x
देखें वीडियो.
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सोमवार दोपहर ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे शहर को हिला दिया. हरमाड़ा थाना इलाके के लोहामंडी रोड पर एक बेकाबू डंपर ने मौत का तांडव मचा दिया. चश्मदीदों के मुताबिक, डंपर चालक शराब के नशे में था और उसने सामने जो भी देखा, उसे बेरहमी से कुचल डाला. इस हादसे में अब तक 19 लोगों की जान जा चुकी है. मौत का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है.
करीब 5 किलोमीटर लंबा यह डरावना सफर कई परिवारों के लिए हमेशा के लिए तबाही लेकर आया. पहले डंपर ने एक कार को टक्कर मारी, उसके बाद वह रुका नहीं, बल्कि पांच और गाड़ियों को टक्कर मारता चला गया. इस पूरी रफ्तार और पागलपन के बीच 19 लोगों की जान चली गई, जबकि 40 से ज़्यादा घायल हो गए. कई लोग तो उन गाड़ियों के नीचे दब गए जिन्हें डंपर ने रौंदा था.
घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, 'डंपर के सामने जो आया, वो बच नहीं सका... सड़क पर लोग भाग रहे थे, लेकिन वह उन्हें कुचलता हुआ आगे बढ़ता गया.” किसी ने कहा कि ड्राइवर का संतुलन पूरी तरह बिगड़ा हुआ था, तो कोई बोला कि वो बार-बार हॉर्न बजा रहा था लेकिन रुकने का नाम नहीं ले रहा था. सब कुछ कुछ ही सेकेंड में हो गया.
जब डंपर रुका, तब तक सड़कों पर सिर्फ टूटी हुई गाड़ियां, घायल लोग और दर्दनाक चीखें रह गईं. आसपास के लोगों ने भागकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. जिनके फोन थे, उन्होंने उनके घरवालों को खबर दी. कुछ तो बेहोशी की हालत में सड़क पर पड़े थे, जिनको एंबुलेंस कर्मचारी उठाकर ले गए.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को घेर लिया. शुरुआती जांच में सामने आया कि डंपर चालक शराब के नशे में था. हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया. लोगों ने कहा कि ऐसे ड्राइवरों को सख्त सज़ा मिलनी चाहिए, ताकि कोई दोबारा ऐसी हरकत करने की हिम्मत न करे.
स्थानीय नागरिकों ने डंपर मालिक और ड्राइवर, दोनों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की है. कुछ लोगों ने सड़कों पर धरना भी दिया, उनका कहना था कि प्रशासन की लापरवाही की वजह से यह दुर्घटना हुई.
यह कोई पहली घटना नहीं है. शराब पीकर गाड़ी चलाने की वजह से हर साल सैकड़ों लोगों की जान जाती है. बावजूद इसके, ड्राइवरों में यह लापरवाही खत्म नहीं हो रही. नशे में इंसान का संतुलन, सोच और प्रतिक्रिया क्षमता - तीनों कमजोर हो जाते हैं. जब वही व्यक्ति भारी वाहन लेकर सड़क पर उतरता है, तो वह खुद के साथ दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन जाता है.
सरकार और पुलिस लगातार अपील करती रही हैं कि ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ मत करो, लेकिन कड़ाई की कमी अक्सर ऐसे हादसों को जन्म देती है. इस बार भी अगर शराब पीकर वाहन चलाने पर पहले ही सख्त कार्रवाई होती, तो शायद दस ज़िंदगियां नहीं जातीं.
हादसे की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, हर तरफ मातम छा गया. किसी का बेटा नहीं रहा, किसी का पिता, तो किसी का भाई. जयपुर के कई अस्पतालों में घायल अब भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं. उनके घरवाले दुआ कर रहे हैं कि किसी तरह उनकी सांसें बच जाएं.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story