
x
तलवार से हमला, युवक की मौत
Ujjain उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा में बीड़ी मांगने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक 18 वर्षीय युवक की जान ले ली। बिड़लाग्राम थाना क्षेत्र के जी ब्लॉक टापरी इलाके में रविवार रात नशे में धुत एक व्यक्ति ने तलवार से हमला कर युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे 50 वर्षीय मोहनलाल ढोली इलाके में पहुंचा और वहां मौजूद जय प्रकाश ठाकुर से बीड़ी मांगी। जय प्रकाश द्वारा बीड़ी नहीं होने की बात कहने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने अपनी कमर से तलवार निकालकर युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल जय प्रकाश ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि जय प्रकाश अपने दादा-दादी के साथ नागदा में रहता था, जबकि उसके माता-पिता रोजगार के सिलसिले में इंदौर में रहते हैं। युवक परिवार का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के समय मुख्य आरोपी के साथ कुछ अन्य लोग भी मौजूद थे, लेकिन पुलिस ने फिलहाल केवल मोहनलाल ढोली के खिलाफ मामला दर्ज किया है। परिजनों ने अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। बिड़लाग्राम थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





