भारत

महाकुंभ संगम में 17 लोगों को डूबने से बचाया, NDRF जवान मुस्तैद

Nil dhankar
25 Feb 2025 7:45 AM IST
महाकुंभ संगम में 17 लोगों को डूबने से बचाया, NDRF जवान मुस्तैद
x

प्रयागराज। प्रयागराज में लगा महाकुंभ अब समापन की ओर है और श्रद्धालुओं की भीड़ भी थमने लगी है. बीते दिनों भारी भीड़ के चलते महाकुंभ में कई हादसे हुए. इस बीच हाल में कुछ ऐसा हुआ जब एक बड़ा हादसा होते- होते रहा. संगम के बीच में एक बड़ा हादसा टालकर एक डूबती हुई नाव से 17 लोगों को बचाया गया. एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के बचावकर्मियों की तेजी के चलते ये संभव हो सका.

एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) ने यहां जारी एक बयान में कहा कि 17 यात्रियों से भरी एक नाव कंट्रोल से बाहर हो गई और गंगा नदी में डूबने लगी. ऐसे में नाव पर सवार श्रद्धालु मदद के लिए चिल्लाने लगे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर गश्त कर रहे एनडीआरएफ के बचावकर्मी तेजी से वहां पहुंच गए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाकर निकाल लिया.

नौ श्रद्धालुओं को एनडीआरएफ ने सुरक्षित बचाया जबकि आठ अन्य श्रद्धालुओं को एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और अन्य एजेंसियों ने बचाया. बता दें कि कुछ दिन पहले भी संगम ने एक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई थी.इसमें 10 लोग सवार थे. घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई, लेकिन NDRF की टीम ने सूझबूझ का परिचय दिया और नदी में छलांग लगा कर सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया.

Next Story