भारत

चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर शिक्षक को 17 सीसी का नोटिस

Shantanu Roy
26 March 2024 5:57 PM IST
चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर शिक्षक को 17 सीसी का नोटिस
x
दौसा। चुनाव ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बांदीकुई एसडीएम कार्यालय में बनाए गए चुनाव नियंत्रण कक्ष में लापरवाही बरतने पर एक शिक्षक के खिलाफ एसडीएम ने 17 सीसी की चार्जशीट जारी की है। एसडीएम रामसिंह राजावत ने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए एसडीएम कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जहां तीन शिफ्ट में कर्मचारी ड्यूटी पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कंट्रोल रूम में राजकीय प्राथमिक विद्यालय लिलोज के शिक्षक बलवीर सिंह की ड्यूटी थी. लेकिन बलवीर सिंह उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर करके अपने गांव सीकर चला गया।

एसडीएम ने बताया कि शिक्षक बलवीर सिंह को चुनाव नियंत्रण कक्ष ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर राजस्थान सिविल सेवा वर्गीकरण नियम 1958 के नियम 17 के तहत अनुशासनात्मक जांच करने के लिए आरोप पत्र जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, लोकसभा चुनाव के दौरान गोदाम से ईवीएम प्राप्त करने और स्ट्रांग रूम में रखने में लापरवाही बरतने पर एसडीएम ने 10 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया है। एसडीएम राजावत ने कहा कि जिन कर्मचारियों की चुनाव ड्यूटी लगाई गई है, वे इस ड्यूटी को पूरी जिम्मेदारी से निभाएं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय-समय पर ड्यूटी कार्य का निरीक्षण किया जाएगा।
Next Story