भारत
नक्सलवाद को करारा झटका: 16 नक्सलियों को किया ढेर, भीषण मुठभेड़ जारी
jantaserishta.com
22 Jan 2026 3:24 PM IST

x
बड़ी खबर.
रांची: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ का मामला सामने आया है. किरीबुरू और छोटानागरा थाना क्षेत्र के कुमडी इलाके में हुई इस कार्रवाई में एक इनामी नक्सली सहित 16 नक्सलियों के मारे जाने की खबर मिली है. कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है और हताहतों का विवरण जुटाया जा रहा है.
अब तक सेंट्रल कमेटी मेंबर अनल दा सहित कुल 16 नक्सली ढेर हो चुके हैं. कई नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं. इस ऑपरेशन में कोबरा की 203, 205, 209 और सीआरपीएफ के कई बटालियन के जवान मौजूद हैं. इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहा है.
जरायकेला के सामठा इलाके से भी एक नक्सली के मारे जाने की सूचना है. यह ऑपरेशन केंद्र सरकार के 2026 तक देश को नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत चलाया गया. सुरक्षाबलों ने खुफिया सूचना के आधार पर सारंडा के इस दुर्गम इलाके में घेराबंदी कर फायरिंग का करारा जवाब दिया.
मुठभेड़ की पहली सूचना सारंडा जंगल के कुमडी इलाके से आई, जो किरीबुरू और छोटानागरा थाना क्षेत्र के बीच स्थित है. इसके साथ ही, जरायकेला थाना क्षेत्र के सामठा इलाके में भी सुरक्षाबलों की नक्सलियों से भिड़ंत हुई. हालांकि, आधिकारिक तौर पर आंकड़ों की पुष्टि होना बाकी है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है. इस मुठभेड़ के बाद पूरे जंगल क्षेत्र में फायरिंग की आवाजों से दहशत का माहौल बना हुआ है.
सारंडा जंगल लंबे वक्त से नक्सलियों का मजबूत किला रहा है, जहां कई इनामी नक्सली नेता एक्टिव रहते हैं. हाल ही में चाईबासा में सीआरपीएफ डीजी की अध्यक्षता में एक स्पेशल मीटिंग हुई थी, जिसमें नक्सलियों के खिलाफ ठोस रणनीति बनाई गई थी. इसी मीटिंग के बाद झारखंड और ओडिशा से भारी तादाद में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई थी, जिससे इस क्षेत्र से नक्सलियों का पूरी तरह सफाया किया जा सके.
जहां छत्तीसगढ़ जैसे पड़ोसी राज्यों में नक्सली लगातार सरेंडर करके मुख्यधारा में लौट रहे हैं, वहीं सारंडा में अब तक ऐसी कोई बड़ी पहल नक्सलियों की ओर से नहीं देखी गई है. ऐसे में सुरक्षाबलों ने अब आर-पार की जंग का रास्ता चुना है. कोल्हान और पोड़ाहाट जैसे इलाकों में चल रहे अभियानों से यह संकेत मिल रहे हैं कि सुरक्षा बल नक्सलियों के सफाये के निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुके हैं.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





