
x
हमीरपुर। प्रदेश के सस्ते राशन के डिपुओं में उपभोक्ताओं द्वारा समय पर राशन नहीं उठाने का मामला सामने आया है। हर माह करीब दस से 15 फीसदी राशन कार्ड धारक डिपुओं से अपना राशन नहीं लेते, जिसके चलते खाद्य सामग्री लंबे समय तक डिपुओं में पड़ी रहती है। इस समस्या को देखते हुए प्रदेश डिपो संचालक समिति ने खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग से मांग की है कि लगातार तीन माह तक राशन नहीं उठाने वाले उपभोक्ताओं की पहचान की जाए और उनके राशन कार्ड ब्लॉक करने की कार्रवाई की जाए। एक्सपर्ट की मानें तो डिपुओं में लंबे समय तक खाद्य सामग्री पड़ी रहने से उसकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े होते हैं। आटे की बोरी पर तो लिखा होता है कि ‘बेस्ट बिफोर 30 डेज। ऐसे में 30 दिन के बाद इसे बेचना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। प्रदेश डिपो संचालक समिति के अध्यक्ष अशोक कवि ने कहा कि प्रदेश में करीब दस से 15 फीसदी राशन कार्ड धारक हर माह डिपुओं से अपना राशन नहीं उठाते हैं। हमारी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे हर माह अपने डिपुओं से निर्धारित राशन जरूर प्राप्त करें।
Next Story





