भारत

डाकघर में 1.40 करोड़ का गबन, ऑनलाइन सट्टेबाजी की लत वाला पोस्टमास्टर गिरफ्तार

jantaserishta.com
8 Aug 2026 4:06 PM IST
डाकघर में 1.40 करोड़ का गबन, ऑनलाइन सट्टेबाजी की लत वाला पोस्टमास्टर गिरफ्तार
x
जानें पूरा मामला.
संभल: उत्तर प्रदेश के संभल में डाकघर के खाताधारकों के साथ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. बहजोई थाना पुलिस ने खाताधारकों के एफडी और सेविंग अकाउंट से 1.40 करोड़ रुपये का गबन करने के आरोप में सहायक पोस्टमास्टर दीपक कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस की पूछताछ में आरोपी के ऑनलाइन सट्टेबाजी में करीब 4 करोड़ रुपये लगाने की बात सामने आई है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पोस्टमास्टर डाकघर में एफडी या सेविंग अकाउंट में पैसे जमा कराने आने वाले ग्राहकों को रकम जमा करने की फर्जी रसीद दे देता था. इसके बाद वह ग्राहकों की रकम को उनके खाते में जमा करने के बजाय कथित तौर पर निकालकर ऑनलाइन सट्टेबाजी में इस्तेमाल करता था. शुरुआती जांच में सात खाताधारकों के खातों से करीब 1.40 करोड़ रुपये के गबन की पुष्टि हुई है.
मामला तब सामने आया जब बहजोई थाना पुलिस को सात अलग-अलग खाताधारकों ने शिकायत दी. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके डाकघर खातों से बड़ी रकम निकाल ली गई, जबकि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी. शिकायतों के बाद सीओ स्तुति सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की. जांच के दौरान सहायक पोस्टमास्टर दीपक कुमार की भूमिका सामने आई.
पुलिस ने सेमर टोला मोहल्ले के रहने वाले दीपक कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि वह ऐसे खाताधारकों को निशाना बनाता था, जिनके मोबाइल नंबर उनके खातों से लिंक नहीं थे. इस वजह से खातों में होने वाले लेनदेन की जानकारी ग्राहकों के मोबाइल पर नहीं पहुंचती थी.
पुलिस के अनुसार, आरोपी वर्ष 2023 में चंदौसी डाकघर में तैनात था और इसके बाद बहजोई डाकघर में आया. एसपी केके विश्नोई ने बताया कि आरोपी ने लोगों के सेविंग अकाउंट से करोड़ों रुपये की रकम का गबन किया है. पुलिस ने मामले में सात अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं.
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की जांच डाकघर से जुड़े अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों तक भी पहुंच गई है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गबन में किसी अन्य कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका थी या नहीं और कुल कितनी रकम का नुकसान हुआ है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story