- Home
- /
- दिल्ली-एनसीआर
- /
- दिल्ली में 14 साल की...
दिल्ली में 14 साल की लड़की से करा रहे थे देहव्यापार, बिहार से किशोरी को किया अगवा

दिल्ली। बिहार से अगवा कर लाई गई 14 साल की एक किशोरी से दिल्ली के सदर बाजार इलाके में देह व्यापार करवाया जा रहा था। पुलिस को खबर मिली तो तुरंत छापेमारी कर किशोरी को मुक्त करा लिया गया। पुलिस ने दंपती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कई आरोपी फरार …
दिल्ली। बिहार से अगवा कर लाई गई 14 साल की एक किशोरी से दिल्ली के सदर बाजार इलाके में देह व्यापार करवाया जा रहा था। पुलिस को खबर मिली तो तुरंत छापेमारी कर किशोरी को मुक्त करा लिया गया। पुलिस ने दंपती समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में कई आरोपी फरार है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अररिया, बिहार निवासी इरशाद (30), हसीबुल (45) और इसकी पत्नी संजरी (36) के रूप में हुई है। आरोपियों ने किशोरी को कटरा, आत्मा राम, सदर बाजार के एक मकान में बंधक बनाकर रखा हुआ था। रोजाना उसे ग्राहकों को आगे परोसा जा रहा था। किशोरी अनाथ है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज कुमार मीना ने बताया कि सदर बाजार थाना पुलिस को खबर मिली कि कटरा आत्मा राम के एक मकान में किशोरी को बंधक बनाकर उससे वेश्यावृत्ति करवाई जा रही है। सूचना के बाद फौरन सदर बाजार थाना प्रभारी केएल यादव, पुलिस चौकी अहाता किदारा की महिला इंचार्ज एसआई नीलम व अन्यों की टीम का गठन किया गया।
शनिवार रात को जानकारी जुटाने के बाद कटरा आत्माराम के मकान में छापेमारी की गई। पुलिस ने वहां से किशोरी को बरामद कर लिया। आरोपी उसे दूसरे मकान में शिफ्ट करने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस टीम को देखते ही किशोरी रोने लगी। उसने बताया कि आरोपी पिछले करीब छह माह से उससे जबरन देह-व्यापार करवा रहे थे।
मौके से ही तीनों आरोपी इरशाद, हसीबुल और उसकी पत्नी संजरी को दबोच लिया गया। छानबीन के दौरान टीम को पता चला कि किशोरी और सभी आरोपी अररिया, बिहार के रहने वाले हैं। किशोरी अनाथ थी।
यह बात इरशाद को पता चली तो वह धोखे से किशोरी को अगवा कर दिल्ली ले आया। यहां पहले उसे किसी दूसरे मकान में रखा गया था। हसीबुल और उसकी पत्नी संजरी ग्राहकों का इंतजाम करते थे। पुलिस के डर से यह लोग जल्दी-जल्दी अपने मकान बदलते रहते थे। फिलहाल आरोपी किसी जरीब नामक आरोपी के मकान में पीड़िता से धंधा करवा रहे थे। पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही जरीब अपने साथियों संग फरार हो गया। अब उसकी तलाश की जा रही है।
सदर बाजार थाना पुलिस ने रविवार को आरोपियों के खिलाफ किशोरी को अगवा करने, दुष्कर्म, पॉक्सो, जबरन देह-व्यापार करवाने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। किशोरी की काउंसलिंग कराने के बाद उसे शेल्टर होम में भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की छानबीन जारी है।
