भारत
शिमला पहुंच रहा था 14 ग्राम चिट्टा, शोघी में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
Shantanu Roy
29 Nov 2026 5:59 PM IST

x
शिमला। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ से शिमला आ रही बस से 14 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर शोघी में बस को रोककर तलाशी ली। इस दौरान दो आरोपियों के कब्जे से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शिमला पुलिस के स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली थी कि आरीफ हुसैन निवासी जम्मू-कश्मीर और नेहा उर्फ सोनू निवासी लोअर कोटी, रोहड़ू चंडीगढ़ से एक बस में सवार होकर शिमला की तरफ आ रहे हैं। सूचना में बताया गया था कि दोनों के पास भारी मात्रा में चिट्टा मौजूद है। सूचना मिलने के बाद स्पेशल सेल की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शोघी क्षेत्र में बस की निगरानी शुरू की। पुलिस टीम ने शोघी में संबंधित बस को रोककर उसमें सवार यात्रियों की जांच की। तलाशी के दौरान पुलिस को दोनों आरोपियों के कब्जे से 14 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेने के बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 21 और 29 एनडी एंड पीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। धारा 29 के तहत पुलिस इस बात की भी जांच करेगी कि नशे की इस खेप को लाने और सप्लाई करने में आरोपियों की क्या भूमिका थी और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।
पुलिस अब मामले की आगामी जांच में चिट्टे की सप्लाई के स्रोत और इसकी संभावित सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिमला पुलिस की ओर से लगातार नशा तस्करी के मामलों में कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से बाहरी राज्यों से शिमला में पहुंचने वाली नशे की खेप पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। शोघी शिमला में प्रवेश का प्रमुख मार्ग है और पुलिस द्वारा इस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों एवं यात्रियों की जांच भी की जाती है। यह कार्रवाई इसी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर की गई है।
Next Story





