भारत

कोयला लदी मालगाड़ी के 12 डिब्बे पटरी से उतरे, मचा हड़कंप

jantaserishta.com
11 Aug 2026 5:36 PM IST
कोयला लदी मालगाड़ी के 12 डिब्बे पटरी से उतरे, मचा हड़कंप
x
मुख्य रेल लाइनें सुरक्षित.
पलामू: झारखंड के पलामू जिले में मंगलवार दोपहर एक मालगाड़ी के करीब 11 से 12 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा पूर्व मध्य रेलवे के बरकाकाना-सोननगर रेलखंड पर गढ़वा रोड और सिगसिगी रेलवे स्टेशन के बीच सबवना गांव के पास हुआ। दुर्घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, कोयला लदी मालगाड़ी बरकाकाना से सोननगर की ओर जा रही थी। गढ़वा रोड स्टेशन पार करने के बाद मालगाड़ी रिवर्सिबल लाइन यानी तीसरी लाइन पर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान उसके 59 डिब्बों में से करीब 11 से 12 डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। हादसा ग्रासिम इंडस्ट्रीज फैक्ट्री के पास हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी।
हालांकि, मालगाड़ी में केवल कोयला लदा होने और किसी यात्री के सवार नहीं होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना जिस तीसरी लाइन पर हुई है, उससे मुख्य अप और डाउन लाइनें प्रभावित नहीं हुई हैं, इसलिए दोनों मुख्य लाइनों पर रेल परिचालन जारी रखा जा सका। हालांकि हादसे के बाद एहतियात के तौर पर कुछ ट्रेनों की गति और परिचालन समय प्रभावित होने की संभावना है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही धनबाद रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इंजीनियरिंग, तकनीकी और सुरक्षा विभाग की टीमें भी घटनास्थल पर भेजी गईं। रेलवे ने क्रेन और अन्य आधुनिक उपकरणों की मदद से पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने का काम शुरू कर दिया है। रेलवे अधिकारियों की निगरानी में क्षतिग्रस्त ट्रैक को दुरुस्त करने का काम भी चल रहा है।
रेलवे ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मालगाड़ी के डिब्बे किस वजह से पटरी से उतरे। रेलवे प्रशासन की कोशिश है कि प्रभावित तीसरी लाइन को जल्द से जल्द बहाल कर दिया जाए। फिलहाल, मुख्य रेल लाइनों के सुरक्षित रहने से इस महत्वपूर्ण रेल खंड पर यात्री ट्रेनों का परिचालन जारी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story