भारत

12 टीमें, 100 पुलिसकर्मी और 4 राज्यों में दबिश, रिटायर्ड IAS के फरार केयरटेकर की तलाश तेज

SHIDDHANT
2 Oct 2026 11:07 PM IST
12 टीमें, 100 पुलिसकर्मी और 4 राज्यों में दबिश, रिटायर्ड IAS के फरार केयरटेकर की तलाश तेज
x
Bhopal भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस की जांच लगातार जारी है। हत्या के बाद से संदिग्ध केयरटेकर वरुण कुमार फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया है। 100 से अधिक पुलिसकर्मी और करीब 12 टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। पुलिस मध्य प्रदेश के साथ उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब में भी वरुण कुमार के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं। हालांकि अभी तक संदिग्ध केयरटेकर पुलिस की पकड़ में नहीं आया है। पुलिस उसके संपर्कों और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
इसी बीच राकेश अग्रवाल का इकलौता बेटा सिद्धांत उर्फ सिद्ध अमेरिका से करीब 12 हजार किलोमीटर का सफर तय कर भोपाल पहुंचा। पिता की हत्या की जानकारी मिलने के बाद सिद्धांत अमेरिका से भारत के लिए रवाना हुआ था। शुक्रवार को उसने भोपाल में अपने पिता को मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में IAS और IPS अधिकारी, राकेश अग्रवाल के रिश्तेदार और परिचित मौजूद रहे। सिद्धांत की अमेरिकी पत्नी ने भी राकेश अग्रवाल को श्रद्धांजलि दी। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल गमगीन रहा।
एक तरफ परिवार अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कर रहा था, वहीं दूसरी तरफ पुलिस की टीमें फरार केयरटेकर की तलाश में लगातार दबिश दे रही थीं। हत्या के मामले में पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और वरुण कुमार का पता लगाने के लिए उससे जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। राकेश अग्रवाल की हत्या के बाद कई सवाल अभी अनसुलझे हैं। पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती संदिग्ध केयरटेकर को पकड़ना है। उसकी गिरफ्तारी के बाद हत्या के कारण और घटनाक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।
Next Story