
x
कंबोडिया से जुड़े साइबर गैंग पर शिकंजा, 11 आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह कंबोडिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के अन्य देशों में सक्रिय साइबर अपराधियों से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान डिजिटल अरेस्ट के जरिए होने वाले 7.25 करोड़ रुपए के संभावित नुकसान को रोकने का दावा किया है। इसके अलावा धोखाधड़ी से जुड़े बैंक खातों में मौजूद 1.96 करोड़ रुपए फ्रीज या होल्ड कर दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रेटेजिक ऑपरेशन्स (आईएफएसओ) यूनिट ने इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया है। जांच में आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में दर्ज साइबर अपराध के मामलों से आरोपियों के संबंध सामने आए हैं।
रिटायर्ड वैज्ञानिक से 1.25 करोड़ की ठगी
आईएफएसओ यूनिट के डीसीपी गौरव त्यागी के अनुसार, मामले की जांच 69 वर्षीय प्रदीप कुमार दास की शिकायत के बाद शुरू हुई थी। दास इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में वैज्ञानिक 'एफ' और निदेशक रह चुके हैं। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट के जरिए 1.25 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को द्वारका सेक्टर-7 स्थित एक होटल और फ्लैट की जानकारी मिली। इसके साथ ही एम ट्रेडर्स के एचडीएफसी बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर का भी पता चला।
विदेशी हैंडलर्स से टेलीग्राम पर संपर्क
पुलिस ने मुख्य हैंडलर की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा निवासी अनीश खान के रूप में की है। आरोप है कि वह टेलीग्राम के जरिए विदेश में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में था और साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों का संचालन करता था। पुलिस के मुताबिक, अनीश 5.5 प्रतिशत कमीशन पर काम करता था। कमीशन यूएसडीटी में मिलता था, जिसे क्रिप्टोकरेंसी प्लेटफॉर्म के जरिए भारतीय रुपए में बदला जाता था।
78 शिकायतों में 73 करोड़ की रकम
जांच में पुलिस ने सात टेलीग्राम चैनलों की पहचान की है, जिनके जरिए म्यूल बैंक खातों की खरीद-फरोख्त की जा रही थी। आरोपियों से छह मोबाइल फोन और बैंक खाते से संबंधित चेकबुक बरामद की गई है। मोबाइल फोन में व्हाट्सऐप चैट, टेलीग्राम बातचीत और क्रिप्टोकरेंसी लेन-देन से जुड़े सबूत मिले हैं। जांच में आरोपियों का संबंध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज 78 शिकायतों से सामने आया है। इन शिकायतों में शामिल कुल रकम करीब 73 करोड़ रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में अनीश खान, महफूजुर रहमान, इजहार आलम, अल्ताफ हुसैन, इंतखाब, अनिल सागू उर्फ कृष्णा, नीरज कुमार मित्तल, कंवर पाल, सैफ अली खान, रणबीर और प्रभात राय उर्फ आशुतोष शामिल हैं। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Next Story





