भारत

10 लोगों की हत्या, हमलावरों ने गोलियों से भूना

Nilmani Pal
18 May 2026 6:14 AM IST
10 लोगों की हत्या, हमलावरों ने गोलियों से भूना
x
ब्रेकिंग

मेक्सिको। लैटिन अमेरिकी देश मेक्सिको में जारी गैंगवार और हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है. मेक्सिको के मध्य हिस्से में स्थित पुएब्ला (Puebla) राज्य से रविवार को एक बेहद दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां के तेहुइतजिंगो (Tehuitzingo) नगरपालिका क्षेत्र में अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर एक मासूम बच्चे सहित कम से कम 10 लोगों को मौत के घाट उतार दिया. पुएब्ला राज्य के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय ने इस वीभत्स हमले की आधिकारिक पुष्टि की है.

समाचार एजेंसी 'रॉयटर्स' ने पुएब्ला के सुरक्षा मंत्रालय के हवाले से बताया कि यह हमला बेहद योजनाबद्ध तरीके से किया गया था. हथियारबंद अपराधियों ने तेहुइतजिंगो में मौजूद पीड़ितों को निशाना बनाकर अचानक उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. इस खूनी खेल में छह पुरुषों, तीन महिलाओं और एक नाबालिग बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. हमले के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और हमलावर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार होने में कामयाब रहे.

इस सामूहिक हत्याकांड के बाद राज्य सरकार और प्रशासन में हड़कंप मच गया है. पुएब्ला के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रालय ने इस नरसंहार की कड़ी निंदा करते हुए अपराधियों को किसी भी कीमत पर न बख्शने का संकल्प दोहराया है. मंत्रालय ने कहा कि राज्य की खुफिया टीमें और जांच एजेंसियां घटना के पीछे की असली वजह और हमलावरों के मकसद का पता लगाने के लिए सबूत जुटा रही हैं. हमलावरों को दबोचने के लिए राज्य और संघीय (Federal) सुरक्षा बलों ने मिलकर एक बड़ा और संयुक्त अभियान शुरू किया है. पूरे तेहुइतजिंगो और उसके आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती कर दी गई है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

Next Story