भारत

10 नए जजों की 3 हाईकोर्ट में होगी नियुक्ति, अधिसूचना जल्द

Nilmani Pal
4 Jun 2026 7:07 AM IST
10 नए जजों की 3 हाईकोर्ट में होगी नियुक्ति, अधिसूचना जल्द
x
पढ़े पूरी खबर

दिल्ली। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अगुवाई वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने तीन राज्यों कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश के हाईकोर्ट में जजों की नियुक्ति के लिए 10 नामों की सिफारिश की है। अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों के नाम की सिफारिश केंद्र सरकार को भेज दी है। आपको बता दें कि इस कॉलेजियम में मुख्य न्यायाधीश के अलावा न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति जेके माहेश्वरी भी शामिल हैं। मंगलवार को इसकी बैठक हुई। उम्मीदवारों के इंटरव्यू के बाद इन नामों को अंतिम रूप दिया गया।

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के द्वारा केंद्र सरकार को भेजी गई सिफारिशों में कर्नाटक हाईकोर्ट के लिए सबसे अधिक छह नाम भेजे गए हैं। उनमें राघवेंद्र सीताराम श्रीवत्स, हेमा कुलकर्णी, सुब्रमण्य रंगाराव, तड़ागावाड़ी प्रकाश विवेकानंद, बक्केश्वर प्रमोद और होम्बे गौड़ा शांति भूषण का नाम शामिल है। इनके अलावा, हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के लिए चिराग भानु सिंह, भूपेश शर्मा और योगेश जसवाल के नाम की सिफारिश की गई है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के लिए सिर्फ एक नाम की सिफारिश भेजी गई है। अधिवक्ता अमित लाहोटी का नाम केंद्र को भेजी गई लिस्ट में शामिल है।

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम द्वारा इन नामों की सिफारिश अब केंद्रीय कानून और न्याय मंत्रालय को भेजी जाएगी। केंद्र सरकार की मंजूरी और राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद इन सभी जजों की आधिकारिक नियुक्ति की अधिसूचना जारी की जाएगी। न्यायमूर्ति मीनाक्षी मदन राय को मंगलवार को पटना उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। कानून मंत्रालय ने यह जानकारी दी। वह चार जून को मौजूदा मुख्य न्यायाधीश संगम कुमार साहू की सेवानिवृत्ति के बाद कार्यभार संभालेंगी। वह सिक्किम की पहली महिला थीं जिन्हें सिक्किम उच्च न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त किया गया था, और वर्तमान में वह इसी पद पर कार्यरत हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 22 मई को उनके नाम की अनुशंसा की थी।

Next Story