भारत

कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत

Subhi
19 Oct 2026 6:53 AM IST
कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत
x
सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग

कनाडा के अल्बर्टा प्रांत की प्रमुख डेनियल स्मिथ ने बताया कि एक सैन्य अड्डे पर भीषण आग लगने के बाद 39 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कम से कम 19 लोगों की हालत गंभीर है। स्मिथ ने रविवार को बताया कि घायलों को कनाडाई सैन्य अड्डे वेनराइट से अल्बर्टा के चार अस्पतालों में भेजा गया है। कुछ लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। उन्हें कई सप्ताह या महीनों तक गहन इलाज की जरूरत पड़ सकती है। इससे पहले प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने पुष्टि की थी कि आग में चार सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। यह आग शनिवार को सैन्य प्रशिक्षण के दौरान लगी थी। उन्होंने इसे कनाडा की सेना के लिए देश की धरती पर शांतिकाल की सबसे भीषण त्रासदियों में से एक बताया।

शनिवार देर रात तेज हवाओं के बीच दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की। तेज हवाओं के कारण आग कनाडाई सैन्य अड्डे वेनराइट से बाहर निकलकर आसपास के ग्रामीण इलाकों तक फैल गई। कनाडाई सेना ने रविवार को कहा कि इस घटना के पीछे आतंकवाद होने का कोई संकेत नहीं मिला है। हालांकि, आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

कार्नी ने टेलीविजन पर दिए गए संबोधन में कहा कि मारे गए सैन्यकर्मियों के परिवारों को इसकी सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि स्थिति लगातार बदल रही है। कार्नी ने बताया कि शनिवार को आग लगने के समय मारे गए और घायल हुए सैन्यकर्मी प्रशिक्षण में हिस्सा ले रहे थे।

उन्होंने कहा कि इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के सम्मान में पूरे देश में संघीय सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। कार्नी ने बताया कि प्रभावित लोगों में आरक्षित (रिजर्व) सैन्यकर्मी और कनाडा की सबसे प्रसिद्ध सैन्य रेजिमेंट में से एक, प्रिंसेस पेट्रीशिया की कैनेडियन लाइट इन्फैंट्री के सैनिक शामिल हैं। ये सैन्यकर्मी प्रशिक्षण के लिए देशभर के अलग-अलग सैन्य अड्डों से वेनराइट आए थे।

ओंटारियो में मेयर पद की उम्मीदवार कैथी कीन ने बताया कि गंभीर रूप से घायल सैन्यकर्मियों में उनका बड़ा बेटा भी शामिल है। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, एक मां के तौर पर इस समय मुझे अपने बेटे और परिवार के साथ रहने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि वह अल्बर्टा जा रही हैं।

Next Story