भारत

सात दिसम्बर फिर यूपी आएंगे पीएम मोदी, गोरखपुर में शुरू करेंगे खाद फैक्ट्री

Rani Sahu
28 Nov 2021 12:26 AM IST
सात दिसम्बर फिर यूपी आएंगे पीएम मोदी, गोरखपुर में शुरू करेंगे खाद फैक्ट्री
x
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट गोरखपुर का खाद कारखाना अब पूरी तैयार है

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट गोरखपुर का खाद कारखाना अब पूरी तैयार है। आगामी सात दिसम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोरखपुर आकर इस कारखाने का लोकार्पण कर पूर्वांचल की जनता को बड़ी सौगात देंगे। हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड की ओर से तैयार किए गए इस कारखाने से प्रतिवर्ष 12.7 लाख मीट्रिक टन नीम कोटेड यूरिया का उत्पादन होगा। इतने बड़े पैमाने पर खाद उत्पादन से देश के सकल खाद आयात में भारी कमी आएगी

सांसद के रूप में खाद कारखाने के लिए लगातार संघर्षरत रहे और मुख्यमंत्री बनने के बाद कोरोना की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी योगी आदित्यनाथ ने लगातार प्रयत्नशील रहे और उन्होंने समयबद्ध निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 1998 में गोरखपुर से पहली बार सांसद बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने हर सत्र में खाद कारखाने को चलाने या इसकी जगह नए प्लांट के लिए आवाज बुलंद की। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने उनकी मांग पर संजीदगी दिखाई और 22 जुलाई 2016 को नए खाद कारखाने का शिलान्यास किया।
प्राकृतिक गैस आधारित प्लांट
गोरखपुर का कारखाना पर्यावरण अनुकूल प्राकृतिक गैस आधारित प्लांट लगाया गया है। इस कारखाने के संचालन की जिम्मेदारी हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (एचयूआरएल) की है। इस संयुक्त उपक्रम में कोल इंडिया लिमिटेड, एनटीपीसी, इंडियन ऑयल कोर्पोरेशन लीड प्रमोटर्स हैं, जबकि फर्टिलाइजर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड और हिंदुस्तान फर्टिलाइजर कॉर्पोरेशन लिमिटेड भी साझीदार हैं।
आठ हजार करोड़ लागत
खाद कारखाने के निर्माण में करीब 8000 करोड़ रुपये की लागत आई है। कारखाना परिसर में 30 करोड़ की लागत से विशेष रबर भी बना है, जिस पर गोलियों का असर नहीं होता है। खाद कारखाने की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 3850 मीट्रिक टन और प्रतिवर्ष 12.7 लाख मीट्रिक टन उर्वरक उत्पादन की है। इसके चालू होने के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ बिहार और अन्य राज्यों में नीम कोटेड यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। कारखाना प्रबंधन 30 नवम्बर में उत्पादन का ट्रायल करेगा।
Next Story