मध्य प्रदेश

आपत्तिजनक कार्टून साझा के आरोप में फेसबुक उपयोगकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Bharti sahu
8 Dec 2023 10:45 AM GMT
आपत्तिजनक कार्टून साझा के आरोप में फेसबुक उपयोगकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
x

इंदौर: मध्यप्रदेश विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खिलाफ फेसबुक पर आपत्तिजनक कार्टून साझा करके विद्वेष फैलाने के आरोप में फेसबुक के एक उपयोगकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता राजपाल जोशी की शिकायत पर ‘रोशन यादव जीकेपी अहीर’ के नाम से चलाए जा रहे फेसबुक खाते के उपयोगकर्ता के खिलाफ बृहस्पतिवार रात प्राथमिकी दर्ज की गई।

उन्होंने बताया कि यह मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 505 (दो) (विभिन्न वर्गों में विद्वेष पैदा करने वाले कथन), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अन्य संबद्ध प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया।

शिकायतकर्ता जोशी का आरोप है कि सम्बंधित फेसबुक खाते के उपयोगकर्ता ने राज्य विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत की पृष्ठभूमि में तीन दिसम्बर को इस सोशल मीडिया मंच पर कार्टून साझा किया जिसमें जनेऊ पहने एक व्यक्ति को संघ के गणवेश में आपत्तिजनक रूप से चित्रित किया गया है।

संघ के स्वयंसेवक ने आरोप लगाया कि यह कार्टून समाज के दो तबकों में विवाद उत्पन्न करके विद्वेष फैलाने की सोची-समझी साजिश के तहत साझा किया गया।मल्हारगंज पुलिस थाने के प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया ने बताया कि जोशी की दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आरोपों की छानबीन की जा रही है।अनुसार थाना प्रभारी ने कहा, ‘हम पुलिस के साइबर दस्ते की मदद से पता लगाएंगे कि सम्बंधित फेसबुक खाता कौन व्यक्ति चला रहा था। इसके बाद आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Next Story