- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- West Medinipur: बेलदा...
West Medinipur: बेलदा में अवैध शराब की बिक्री पर महिलाओं का गुस्सा फूटा

पश्चिम मेदिनीपुर: बेलदा क्षेत्र में अवैध देशी शराब के बढ़ते व्यापार और उससे उत्पन्न सामाजिक समस्याओं के खिलाफ अब स्थानीय महिलाएं खुलकर मैदान में उतर आई हैं। गुरुवार देर शाम में बेलदा के देउली बांधपाड़ा इलाके में महिलाओं ने कई अवैध शराब कारोबारियों के ठिकानों पर धावा बोला और बड़ी मात्रा में देशी शराब और निर्माण उपकरण नष्ट कर दिए।
स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि अवैध देशी शराब के सेवन से घर-परिवार में लगातार कलह बढ़ रही है। नशे की लत में युवक ही नहीं, छोटे-बड़े कई लोग बर्बाद हो रहे हैं।
महिलाओं का कहना है कि कई बार शराब कारोबारियों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिस कारण मजबूर होकर उन्हें स्वयं कार्रवाई के लिए आगे आना पड़ा।
गुरुवार देर शाम दर्जनों महिलायें एकजुट होकर लगभग चार अवैध देशी शराब कारोबारियों के घरों में पहुंचीं और वहां रखी भारी मात्रा में शराब व निर्माण उपकरण जब्त कर नष्ट कर दिए। इसके बाद महिलाओं ने गुस्से में कहा कि क्षेत्र में हो रहे इस अवैध शराब व्यापार को हर हाल में बंद किया जाए, अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा।
घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। स्थानीय लोग प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





