- Home
- /
- राज्य
- /
- पश्चिम बंगाल
- /
- West Medinipur: सबंग...
West Medinipur: सबंग के बागान में राशन डीलर की संदिग्ध मौत

पश्चिम मेदिनीपुर: सबंग थानांतर्गत बड़ा चाहरा इलाके में बुधवार एक बागान से राशन डीलर का फंदे से लटका शव मिलने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने देर शाम आधिकारिक तौर पर घटना की जानकारी साझा की। मृतक की पहचान मदनमोहन भट्टाचार्य (70) के रूप में हुई है। वह सबंग क्षेत्र में राशन डीलर के रूप में कार्यरत थे। पुलिस के अनुसार, सुबह स्थानीय लोगों ने घर के पास स्थित बागान में एक पेड़ से गमछे के सहारे लटका हुआ शव देखा और तुरंत इसकी सूचना परिवार तथा थाने को दी। सबंग थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए खड़गपुर महकमा अस्पताल भेज दिया।
देर शाम पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन जिस कारण से उन्होंने यह कदम उठाया, वह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, परिवार ने बयान दिया है कि मृतक पिछले कुछ दिनों से मानसिक अवसाद में थे और बाजार में कुछ उधार भी हो गया था, जिससे वह तनाव में रहते थे। सबंग थाना पुलिस अधिकारी शुभंकर राय ने देर शाम बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि क्या राशन दुकान से जुड़ा कोई विवाद या समस्या थी। पारिवारिक स्थिति समझने के लिए परिवारजनों से पूछताछ जारी है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।





