पश्चिम बंगाल

West Medinipur: भाजपा उम्मीदवार पर हमले से इलाके में हड़कंप

Admindelhi1
22 April 2026 11:29 AM IST
West Medinipur: भाजपा उम्मीदवार पर हमले से इलाके में हड़कंप
x

पश्चिम मेदिनीपुर: जिले के मोहनपुर क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अजीत कुमार जाना पर कथित रूप से हमला किए जाने की घटना सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मोहनपुर के आंतला इलाके में भाजपा की ओर से निकाली जा रही बाइक रैली के दौरान कुछ लोगों ने रैली पर हमला कर दिया। इस घटना में भाजपा प्रत्याशी अजीत कुमार जाना सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता घायल हो गए। घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए भेजा गया है।

भाजपा की ओर से आरोप लगाया गया है कि यह हमला भाजपा के प्रत्याशी और समर्थकों को निशाना बनाकर तृणमूल के समर्थकों द्वारा किया गया। पार्टी नेताओं का दावा है कि हमले में अजीत कुमार जाना का हाथ भी टूट गया है और कई कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

अस्पताल में अजीत कुमार जाना ने कहा कि दांतन विधानसभा के माता-बहनों और भाइयों, मार खाना और जेल जाना मेरे लिए नया नहीं है। आपातकाल के समय कांग्रेस सरकार की पुलिस ने मुझे मारा और जेल में प्रताड़ित किया, लेकिन मेरा हौसला नहीं तोड़ पाई। आज तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने मुझे मारने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हुए। असल में वे डर गए हैं।

आप निश्चिंत रहें, आपके अधिकारों के लिए मेरी लड़ाई जारी रहेगी। अपनी जन्मभूमि दांतन की स्थिति बदलने के लिए मैं पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं। 23 अप्रैल को भाजपा के उम्मीदवार के रूप में मुझे वोट देकर विजयी बनाएं। आज प्रचार के अंतिम दिन आंतला इलाके में मुझ पर और भाजपा कार्यकर्ताओं पर तृणमूल के लोगों ने हमला किया। इस हमले का जवाब जनता चार मई को देगी।

स्थानीय भाजपा नेताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव से पहले विपक्षी दल के प्रत्याशियों को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। वहीं दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस की ओर से इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Next Story