पश्चिम बंगाल

West Burdwan: दुर्गापुर में दुर्गापूजा की तैयारियां शुरू, उर्वशी पूजा समिति ने किया खूंटी पूजन

Admindelhi1
27 July 2026 11:14 AM IST
West Burdwan: दुर्गापुर में दुर्गापूजा की तैयारियां शुरू, उर्वशी पूजा समिति ने किया खूंटी पूजन
x
दुर्गापुर में आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ खूंटी पूजन

पश्चिम बर्दवान: इस्पात नगरी दुर्गापुर की प्रतिष्ठित और बड़े बजट की दुर्गापूजाओं में शामिल सिटी सेंटर स्थित उर्वशी सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति ने इस वर्ष की पूजा तैयारियों की औपचारिक शुरुआत रविवार को खूंटी पूजन के साथ कर दी। इस वर्ष पूजा अपने 23वें वर्ष में प्रवेश कर रही है और इसकी थीम ‘मंगल घट’ रखी गई है।

रविवार को आयोजित पूजन समारोह में पूजा समिति के सदस्यों और शहर के गणमान्य लोगों की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई।

आयोजकों ने बताया कि इस बार पूरे पंडाल, आकर्षक रोशनी और परिसर की सजावट ‘मंगल घट’ थीम के अनुरूप की जाएगी।

इस वर्ष की विशेषता यह होगी कि पंडाल के निर्माण और सजावट में नारियल से तैयार विभिन्न कलात्मक और सजावटी सामग्री का उपयोग किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और दर्शकों को एक अलग अनुभव मिलेगा।

कार्यक्रम में दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घुरुई, पूजा समिति के अध्यक्ष एवं उद्योगपति संदीप डे सहित शहर के कई विशिष्ट नागरिक और समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

पूजा समिति का कहना है कि हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं और दर्शकों को कुछ नया और आकर्षक प्रस्तुत करने का प्रयास किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से पूजा की तैयारियां अभी से तेज कर दी गई हैं।

Next Story