पश्चिम बंगाल

West Burdwan: बलतोड़िया में रेलवे की कार्रवाई के खिलाफ लोगों ने खोला मोर्चा

Admindelhi1
30 May 2026 3:38 PM IST
West Burdwan: बलतोड़िया में रेलवे की कार्रवाई के खिलाफ लोगों ने खोला मोर्चा
x
अतिक्रमण हटाने के फैसले पर बलतोड़िया में विरोध की लहर

पश्चिम बर्दवान: कुल्टी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बलतोड़िया 10 नंबर इलाके के निवासियों ने रेलवे के अतिक्रमण हटाओ अभियान के खिलाफ शुक्रवार को जिला अधिकारी कार्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन किया। डीएम को ज्ञापन सौंपकर वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की। कांग्रेस के बैनर तले स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन के समक्ष अपनी गुहार लगाई।

प्रदर्शनकारियों की ओर से कांग्रेस युवा मोर्चा नेता रवि यादव ने बताया कि इलाके में कुल 207 परिवार रहते हैं, जिनमें 137 बुजुर्ग, 97 रोगी और लगभग 450 बच्चे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे विकास कार्य करे, इससे किसी को आपत्ति नहीं है, लेकिन सरकार का यह दायित्व है कि प्रभावित परिवारों के लिए पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।

उन्होंने कहा कि यदि अचानक लोगों को बेघर कर दिया गया तो सैकड़ों परिवार सड़क पर आ जाएंगे, जिससे आम लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि जब तक इस मुद्दे पर कोई स्थायी समाधान या पुनर्वास की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक इलाके के लोगों को वहां से न हटाया जाए। प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावित परिवारों के भविष्य को ध्यान में रखना चाहिए।

इस मौके पर रवि यादव, प्रसनजीत पूईतुंडी, एस. एम. मुस्तफा सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Next Story