पश्चिम बंगाल

West Burdwan: एडवेंचर समर कैंप के समापन पर प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया

Admindelhi1
15 Jun 2026 11:13 AM IST
West Burdwan: एडवेंचर समर कैंप के समापन पर प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया
x

पश्चिम बर्दवान: एडवेंचर स्पोर्ट्स एवं पर्वतारोहण संस्था द पीकर्स, आसनसोल द्वारा आयोजित द्वितीय एडवेंचर समर कैंप-2026 का रविवार को आसनसोल पोलो ग्राउंड में सफलतापूर्वक समापन हुआ। 12 से 14 जून तक आयोजित इस तीन दिवसीय कैंप में कुल 75 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

समारोह के मुख्य अतिथि आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी भी उपस्थित थे। संस्था की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने संबोधन में विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि द पीकर्स कई वर्षों से बच्चों एवं किशोरों के सर्वांगीण विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। मनोरंजन, शिक्षा और एडवेंचर गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करने में संस्था की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि संस्था के संस्थापक आज भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके द्वारा स्थापित मूल्यों और उद्देश्यों को संस्था आज भी पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रही है।

कैंप के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न एडवेंचर गतिविधियों, टीम-बिल्डिंग अभ्यासों तथा रचनात्मक कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिला। बच्चों का उत्साह और सहभागिता पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।

विधायक ने संस्था के सदस्यों एवं प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी संस्था को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में संस्था के मुख्य सलाहकार पवन गुटगुटिया, सत्य नारायण अग्रवाल, सोमनाथ गोराई, संतोष दत्ता, अनुपम राय, विपुल बनर्जी, संजय दास गुप्ता, उत्पल राय चौधरी सहित संस्था के अन्य सदस्य, प्रशिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।

Next Story