पश्चिम बंगाल

West Burdwan: अतिक्रमण कार्रवाई के खिलाफ वाममोर्चा ने बुलंद की आवाज

Admindelhi1
30 May 2026 3:43 PM IST
West Burdwan: अतिक्रमण कार्रवाई के खिलाफ वाममोर्चा ने बुलंद की आवाज
x
नोटिस के खिलाफ बर्नपुर में वाममोर्चा का विरोध प्रदर्शन तेज

पश्चिम बर्दवान: बर्नपुर में अवैध कब्जा हटाने के नोटिस के विरोध में शुक्रवार दोपहर वाममोर्चा की ओर से जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। आइएसपी के टाउन सर्विस विभाग के सामने शिल्पी चक्रवर्ती के नेतृत्व में वामपंथी कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र हुए तथा प्रदर्शन किया।

आरोप है कि आइएसपी प्रबंधन ने बर्नपुर बस स्टैंड के समीप सड़क किनारे दुकान चलाने वाले व्यवसायियों को हटाने के लिए नोटिस जारी किया है। इसके विरोध में वाममोर्चा ने आंदोलन शुरू किया।

प्रदर्शन सभा को संबोधित करते हुए शिल्पी चक्रवर्ती ने कहा कि इस्को की जमीन पर बने विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों को पहले ही ध्वस्त किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि वाममोर्चा इस्को के आधुनिकीकरण का विरोध नहीं कर रहा है, लेकिन स्थानीय युवाओं के रोजगार और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके के अनेक बेरोजगार युवाओं ने जीविका चलाने के लिए बर्नपुर बाजार क्षेत्र में छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू किए हैं। यदि इन दुकानों को हटा दिया गया तो कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर जिला प्रशासन, मंत्री अग्निमित्रा पाल तथा शुभेंदु अधिकारी को फैक्स और ई-मेल के माध्यम से ज्ञापन भेजा जाएगा, ताकि प्रभावित दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए या उन्हें पर्याप्त समय दिया जाए।

वाममोर्चा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया, तो वे अपने परिवारों के साथ बुलडोजर के सामने बैठकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

उल्लेखनीय है कि बर्नपुर टाउनशिप स्थित गुरुद्वारा रोड में बने वाममोर्चा समर्थित माकपा कार्यालय पर भी शुक्रवार को बुलडोजर चला। सेल आईएसपी नगर सेवा विभाग ने कार्रवाई करते हुए माकपा कार्यालय को ध्वस्त कर दिया। विगत सप्ताह आइएसपी प्रबंधन के नगर सेवा विभाग ने अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाते हुए तृणमूल कांग्रेस के कई कार्यालयों को भी ध्वस्त कर दिया था। इसके साथ ही त्रिवेणी मोड़ से लेकर बस स्टैंड तक सड़क के दोनों किनारों पर बसे दुकानदारों को भी नोटिस जारी किया गया था।

Next Story