पश्चिम बंगाल

West Burdwan: खदान क्षेत्र में दरारों से दहशत, लोग सुरक्षित स्थानों की मांग पर अड़े

Admindelhi1
29 July 2026 10:25 AM IST
West Burdwan: खदान क्षेत्र में दरारों से दहशत, लोग सुरक्षित स्थानों की मांग पर अड़े
x
खदान के पास बढ़ते खतरे ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ाई

पश्चिम बर्दवान: जिले के अंडाल के खान्दरा पंचायत अंतर्गत नीलकंठतला से सटे धोबापाड़ा इलाके में मंगलवार को संभावित खदान धंसान की आशंका से दहशत फैल गई। ईसीएल की बांकोला एरिया स्थित विश्वेश्वरी कोलियरी से लगभग 200 मीटर दूर स्थित बस्ती में अचानक कई मकानों की दीवारों और फर्श पर दरारें पड़ गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार जमीन में कंपन भी महसूस किया गया, जिससे लोग भयभीत होकर अपने घर छोड़ खुले मैदान में शरण लेने को मजबूर हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तेज कंपन के बाद कुछ ही मिनटों में कई घरों में दरारें दिखाई देने लगीं। लोग अपनी जान बचाने के लिए आवश्यक सामान तक छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। घटना की सूचना पाकर अंडाल थाने की उखड़ा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी।

फिलहाल धंसान प्रभावित क्षेत्र के पास खुले मैदान में कई परिवार अस्थायी रूप से रह रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक स्थायी पुनर्वास या नुकसान के संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस इलाके में लंबे समय से जमीन धंसने का खतरा बना हुआ था। उनका कहना है कि वर्षों पहले जामबाद खदान क्षेत्र में भी धंसान की घटना हुई थी, जिसमें कई मकान जमीन में समा गए थे और एक महिला की मौत हो गई थी। उस समय सुरक्षा के कई आश्वासन दिए गए थे, लेकिन प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

प्राथमिक अनुमान है कि विश्वेश्वरी कोलियरी में भूमिगत कोयला खनन के कारण जमीन के नीचे खाली स्थान बनने से यह स्थिति उत्पन्न हुई हो सकती है।

खबर लिखे जाने तक इस मामले में कोलियरी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

Next Story