पश्चिम बंगाल

West Burdwan: राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा पर विवाद, रानीगंज में तनाव

Admindelhi1
30 July 2026 2:33 PM IST
West Burdwan: राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा पर विवाद, रानीगंज में तनाव
x
भाजपा-माकपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प से माहौल गरम

पश्चिम बर्दवान: रानीगंज में प्रसिद्ध प्रगतिशील साहित्यकार राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा गायब होने के विरोध में बुधवार को पंजाबी मोड़ इलाके में आयोजित प्रदर्शन के दौरान माकपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई, जिससे इलाके में भारी तनाव फैल गया। सूचना पाकर रानीगंज थाना पुलिस का भारी बल मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा हाल ही में रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गई थी। दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर माकपा ने पंजाबी मोड़ पर विरोध सभा आयोजित की थी। सभा के दौरान पार्टी नेता संबोधित कर रहे थे, तभी वहां भाजपा कार्यकर्ताओं का भी जमावड़ा लग गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा की नीतियों की आलोचना किए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई। घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात भी प्रभावित हुआ। तनाव के बीच आसपास के कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पंजाबी मोड़ और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

माकपा नेताओं का आरोप है कि राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा को योजनाबद्ध तरीके से हटाकर इतिहास मिटाने की कोशिश की जा रही है और उनके शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाधा डाली। वहीं भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभा के दौरान उनकी पार्टी और विचारधारा पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं, जिसके विरोध में कार्यकर्ता वहां पहुंचे थे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। माकपा के जिला सचिव गौरांग चटर्जी, हेमंत प्रभाकर सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

Next Story